Home आमने सामने जलभराव को रोकने के लिए बारिश से पहले ही वार्ड में करवाए...

जलभराव को रोकने के लिए बारिश से पहले ही वार्ड में करवाए गए जरूरी कार्य : मुकेश बंसल

0
3

जलभराव को रोकने के लिए बारिश से पहले ही वार्ड में करवाए गए जरूरी कार्य : मुकेश बंसल

नई दिल्ली ( शिवा कौशिक ) : दिल्ली में बारिश का मौसम आ गया है और इसी के साथ जलभराव की समस्या का डर भी बना हुआ है। वीर अर्जुन ने कर्दमपुरी वार्ड के निगम पार्षद व उत्तरी शाहदरा वार्ड समिति के उपाध्यक्ष मुकेश बंसल से की खास बातचीत और उनसे जाना कि उन्होंने और दिल्ली सरकार ने दिल्ली की जनता को जलभराव की समस्या से बचाने के लिए क्या क्या कार्य किए है। श्री बंसल ने बताया कि उन्होंने अपने वार्ड में जलभराव की समस्या को रोकने के लिए बारिश से पहले ही सभी बड़े नालों की और नालियों की अच्छी तरह से साफ सफाई करवाई ताकि पानी कही भी एकत्रित ना हो और जल निकासी सही तरह से होती रहे। उन्होंने कहा कि यह मेरा अपने वार्ड की जनता से वादा था कि बारिश के मौसम में मेरे वार्ड में कही भी जलभराव की समस्या सामने नहीं आएगी और अपने वादे के तहत मैंने बारिश के मौसम से पहले ही नालों व नालियों से कचरा निकलवाया, गाद निकलवाई ताकि पानी सही से आगे बहता रहे। श्री बंसल ने बताया कि दिल्ली सरकार ने मानसून की तैयारियों के तहत जलभराव से निपटने के लिए शहरभर में 200 टीमें तैनात की हैं और लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने अपने इंजीनियरों और कर्मचारियों को यह निर्देश भी दिए है कि यदि किसी अंडरपास में पानी का स्तर आठ इंच से अधिक हो जाए तो वे तुरंत यातायात का मार्ग बदल दें ताकि लोगों को परेशानी का सामना ना करना पड़े। उन्होंने बताया कि जलभराव वाले चिह्नित प्रत्येक स्थान के लिए नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की गई है और 200 रखरखाव टीमें अपने अपने क्षेत्रों में स्थानीय स्तर पर होने वाले जलभराव की समस्या का समाधान करेंगी व इसके साथ साथ सभी टीमों को जलभराव हटाने और नालों के मुहाने की सफाई के लिए चौबीसों घंटे निगरानी रखने के निर्देश भी दिए गए हैं। श्री बंसल ने बताया कि यदि पंप शुरू करने के बाद भी पानी का स्तर लगातार बढ़ता रहता है तो नियंत्रण कक्ष प्रभावित अंडरपास में यातायात रोकने के लिए यातायात पुलिस को सूचित करेगा जिसके बाद दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) को स्थिति की जानकारी दी जाएगी और बसों का मार्ग बदलने की सलाह दी जाएगी। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार ने और दिल्ली नगर निगम ने दिल्ली की जनता को जलभराव की समस्या से बचाने के लिए बहुत ही प्रभावी तरह से कार्य किए है। श्री बंसल ने कहा कि दिल्ली सरकार और दिल्ली नगर निगम ने दिल्ली में जलभराव की समस्या को रोकने के लिए जबरदस्त मेहनत की, बारिश से पहले ही नालों की, नालियों की साफ सफाई का काम पूरा किया ताकि दिल्ली की जनता को हर साल होने वाली जलभराव की समस्या का सामना फिर से ना करना पड़े। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार और दिल्ली नगर निगम की मेहनत रंग भी लाई है और दिल्ली की जनता को जलभराव की समस्या से राहत मिली है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here