Seelampur Murder: सीलमपुर में युवक की गोली मारकर हत्या, बिरयानी खाते समय हुआ हमला
नई दिल्ली, 27 जनवरी: उत्तर-पूर्वी दिल्ली के सीलमपुर इलाके में मंगलवार शाम उस समय सनसनी फैल गई, जब तारिक नाम के एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। व्यस्त सड़क पर हुई इस वारदात ने पूरे इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया। गोली पेट में लगने से तारिक गंभीर रूप से घायल हो गया था, जिसे परिजन और स्थानीय लोग तत्काल नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार मृतक तारिक अपने परिवार के साथ चांद बाग इलाके में रहता था। परिजनों ने बताया कि मंगलवार को वह अपने एक दोस्त के पिता के निधन पर शोक व्यक्त करने के लिए वेलकम कब्रिस्तान गया था। वहां से लौटते समय वह जाफराबाद रोड पर एक दुकान के बाहर खड़ा होकर बिरयानी खा रहा था। उसी दौरान अचानक गोली चलने की आवाज आई और तारिक जमीन पर गिर पड़ा। मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास मौजूद लोग सहम गए।
गोली किसने चलाई और किस उद्देश्य से चलाई गई, इस बारे में फिलहाल कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। परिवार का कहना है कि उन्हें किसी से तारिक की दुश्मनी या विवाद की जानकारी नहीं है। घटना की सूचना मिलते ही थाना सीलमपुर पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी। फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि हमलावर की पहचान की जा सके। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि घटना किसी पुरानी रंजिश का परिणाम थी या फिर यह अचानक हुआ अपराध है। पुलिस मृतक के कॉल डिटेल रिकॉर्ड, सोशल मीडिया गतिविधियों और हालिया संपर्कों की भी जांच कर रही है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों में भय का माहौल है। लोगों का कहना है कि शाम के समय भीड़भाड़ वाले इलाके में इस तरह की गोलीबारी ने कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। दुकानदारों और राहगीरों ने बताया कि वारदात के बाद कुछ समय के लिए सड़क पर सन्नाटा पसर गया और लोग अपने-अपने घरों में चले गए।
पुलिस ने इस मामले में हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है और कई एंगल से जांच की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा और इस हत्याकांड का खुलासा किया जाएगा।
इस घटना ने एक बार फिर राजधानी में बढ़ते अपराध और सार्वजनिक सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि इलाके में गश्त बढ़ाई जाएगी और दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।



