Rinku Singh father death: Rinku Singh के पिता का निधन, Yuvraj Singh और Shikhar Dhawan ने जताया शोक
नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट जगत से दुखद खबर सामने आई है। टीम इंडिया के स्टार बल्लेबाज रिंकू सिंह के पिता खानचंद सिंह का शुक्रवार सुबह निधन हो गया। वह 60 वर्ष के थे और लंबे समय से लीवर कैंसर से जूझ रहे थे। उन्होंने ग्रेटर नोएडा के यथार्थ अस्पताल में सुबह 4:36 बजे अंतिम सांस ली।
पिता के निधन की खबर से क्रिकेट जगत में शोक की लहर दौड़ गई है। रिंकू सिंह के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए पूर्व भारतीय दिग्गज युवराज सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि रिंकू के पिता के गुजर जाने की खबर सुनकर दिल टूट गया। उन्होंने कहा कि ऐसे पलों में शब्द कम पड़ जाते हैं और इस कठिन समय में वे रिंकू और उनके परिवार के साथ खड़े हैं।
पूर्व सलामी बल्लेबाज शिखर धवन ने भी गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने अपने संदेश में लिखा कि रिंकू और उनके प्रियजनों को उनकी गहरी संवेदनाएं हैं। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और रिंकू को हिम्मत बनाए रखने की कामना की।
आईपीएल की पांच बार की चैंपियन टीम Chennai Super Kings ने भी शोक संदेश जारी करते हुए कहा कि इस कठिन समय में उनकी संवेदनाएं रिंकू सिंह और उनके परिवार के साथ हैं।
रिंकू सिंह का परिवार साधारण पृष्ठभूमि से जुड़ा रहा है। उनके पिता सिलेंडर डिलीवरी का काम करते थे और आर्थिक स्थिति मजबूत नहीं थी। बावजूद इसके, उन्होंने अपने बेटे को क्रिकेटर बनने के लिए प्रेरित किया और हर कदम पर उसका साथ दिया। रिंकू की सफलता के पीछे उनके पिता का संघर्ष और समर्थन अहम माना जाता है।
जानकारी के अनुसार, रिंकू सिंह ग्रेटर नोएडा पहुंच चुके हैं। बीसीसीआई की ओर से बताया गया है कि वह कोलकाता के खिलाफ रविवार को होने वाले मैच के लिए उपलब्ध नहीं रहेंगे। इस कठिन समय में पूरा क्रिकेट जगत रिंकू सिंह और उनके परिवार के साथ खड़ा है।



