PM Modi Durga Puja: दिल्ली के ‘मिनी बंगाल’ में पीएम मोदी होंगे शामिल, सीआर पार्क दुर्गा पूजा का होगा खास आयोजन
नवरात्रि की भक्ति और उत्साह से सराबोर राजधानी दिल्ली मंगलवार को एक ऐतिहासिक क्षण की गवाह बनेगी। अष्टमी के शुभ अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दक्षिणी दिल्ली के चित्तरंजन पार्क स्थित प्रसिद्ध काली मंदिर और शिव मंदिर में आयोजित दुर्गा पूजा समारोह में शामिल होंगे। यह इलाका बंगाली समुदाय का सांस्कृतिक और आध्यात्मिक केंद्र माना जाता है, जिसे ‘मिनी बंगाल’ भी कहा जाता है।
हर साल सीआर पार्क दुर्गा पूजा दिल्ली-एनसीआर की सबसे भव्य पूजा में गिनी जाती है, लेकिन इस बार प्रधानमंत्री की मौजूदगी ने कार्यक्रम को और खास बना दिया है। यहां विशाल पंडाल, धार्मिक अनुष्ठान और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां श्रद्धालुओं को आकर्षित करती हैं। हज़ारों की संख्या में लोग दिल्ली-एनसीआर और आसपास के क्षेत्रों से यहां पहुंचते हैं। पीएम मोदी की भागीदारी को परंपराओं के सम्मान और सांस्कृतिक एकजुटता का प्रतीक माना जा रहा है।
सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था
प्रधानमंत्री की यात्रा को देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। एसपीजी की टीम ने पूरे इलाके का निरीक्षण किया है। स्थानीय निवासियों और दुकानदारों को अस्थायी निर्देश दिए गए हैं ताकि भीड़ और वाहनों का दबाव नियंत्रित किया जा सके। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी करते हुए आउटर रिंग रोड, लाल बहादुर शास्त्री मार्ग, जेबी टीटो मार्ग और सीआर पार्क मेन रोड पर जाम की संभावना जताई है।
ट्रैफिक डायवर्जन लागू किए गए हैं। पंचशील, आईआईटी और नेहरू प्लेस फ्लाईओवर से होकर वाहनों को वैकल्पिक मार्गों पर भेजा जाएगा। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे एमजी रोड, अरबिंदो मार्ग, मथुरा रोड, लाला लाजपत राय रोड और महरौली-बदरपुर रोड का उपयोग करें।
सीआर पार्क का काली मंदिर परिसर 1970 के दशक से बंगाली समुदाय का प्रमुख केंद्र रहा है। दुर्गा पूजा के दौरान यहां भव्य अनुष्ठान, संगीत, नृत्य और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है। प्रधानमंत्री की मौजूदगी न सिर्फ श्रद्धालुओं के लिए प्रेरणादायक होगी बल्कि इस पर्व को राष्ट्रीय स्तर पर विशेष पहचान भी दिलाएगी।



