प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अहमदाबाद में 36वें राष्ट्रीय खेलों का शुभारंभ किया। देश में सात साल बाद राष्ट्रीय खेलों का आयोजन हो रहा है और 36वें राष्ट्रीय खेलों का उद्घाटन समारोह अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में हुआ। इस समारोह में पीएम मोदी ने स्वर्णिम गुजरात यूनिवर्सिटी का वर्चुअल लॉन्च भी किया। यह यूनिवर्सिटी 100 करोड़ से ज्यादा की लागत से बनी है। पीएम मोदी ने इस कार्यक्रम में जुड़ेगा इंडिया.. जीतेगा इंडिया का नारा दिया। गुजरात को पहली बार राष्ट्रीय खेलों की मेजबानी मिली है। गुजरात के छह शहरों में अलग-अलग प्रतियोगिताओं का आयोजन होगा। ये छह शहर अहमदाबाद, गांधीनगर, सूरत, वडोदरा, राजकोट और भावनगर हैं। पीएम ने कहा “सरदार पटेल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में फुटबाल, हॉकी, बास्केटबॉल, कबड्डी, बॉक्सिंग और लॉन टेनिस जैसे अनेकों खेलों की सुविधा एक साथ उपलब्ध है। ये एक तरह से पूरे देश के लिए एक मॉडल है। खेल के मैदान में खिलाड़ियों की जीत, उनका दमदार प्रदर्शन, अन्य क्षेत्रों में देश की जीत का भी रास्ता बनाता है। स्पोर्ट्स की सॉफ्ट पावर, देश की पहचान को, देश की छवि को कई गुना ज्यादा बेहतर बना देती है। इस समय नवरात्रि का पावन अवसर भी चल रहा है। गुजरात में मां दुर्गा की उपासना से लेकर गरबा तक, यहां की अपनी अलग ही पहचान है। जो खिलाड़ी दूसरे राज्यों से आए हैं, उनसे मैं कहूंगा कि खेल के साथ ही यहां नवरात्रि आयोजन का भी आनंद जरूर लीजिए। सक्सेस स्टार्ट्स विथ एक्शन। आपने जिस क्षण शुरुआत कर दी, उसी क्षण सफलता की शुरुआत भी हो गई। आप लड़खड़ा सकते हैं, गिर सकते हैं और परेशान हो सकते हैं, लेकिन अगर आपने लड़ने का जज्बा नहीं छोड़ा तो सफलता एक-एक कदम करके आपकी तरफ आ रही है। आठ साल पहले भारत के खिलाड़ी 20-25 खेलों को खेलने ही जाते थे। अब भारत के खिलाड़ी करीब 40 अलग-अलग खेलों में हिस्सा लेने जाते हैं। आठ साल पहले तक भारत के खिलाड़ी, सौ से भी कम इंटरनेशनल इवेंट्स में हिस्सा लेते थे। अब भारत के खिलाड़ी 300 से भी ज्यादा इंटरनेशनल इवेंट्स में शामिल होते हैं। हमने स्पोर्ट्स स्पिरिट के साथ स्पोर्ट्स के लिए काम किया। TOPS जैसी योजनाओं के जरिए वर्षों तक मिशन मोड में तैयारी की। आज बड़े-बड़े खिलाड़ियों की सफलता से लेकर नए खिलाड़ियों के भविष्य निर्माण तक, TOPS एक बड़ी भूमिका निभा रहा है। आज फिट इंडिया और खेलो इंडिया जैसे प्रयास एक जन-आंदोलन बन गए हैं। इसीलिए, आज खिलाड़ियों को ज्यादा से ज्यादा संसाधन भी दिए जा रहे हैं और ज्यादा से ज्यादा अवसर भी मिल रहे हैं। पिछले आठ वर्षों में देश का खेल बजट करीब 70 प्रतिशत बढ़ा है।
36वें राष्ट्रीय खेलों का आयोजन
अंतिम बार राष्ट्रीय खेल 2015 में केरल में आयोजित हुए थे। सात साल बाद आयोजित हो रहे ये खेल 12 अक्तूबर तक गुजरात के छह शहरों में आयोजित किए जा रहे हैं। उद्घाटन समारोह में पीएम मोदी खेलों में भाग लेने आ रहे देश के 36 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के लगभग 15 हजार खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और ऑफिशियल्स को संबोधित करेंगे। गुजरात में पहली बार राष्ट्रीय खेलों का आयोजन किया जा रहा है। दरअसल ये खेल गोवा में होने थे और लगातार टलते जा रहे थे, लेकिन गुजरात सरकार ने सिर्फ तीन माह के अंदर इन खेलों के आयोजन की हामी भर ली। ये खेल अहमदाबाद, गांधीनगर, सूरत, राजकोट, भावनगर और वडोदरा में आयोजित होंगे। इस दौरान 36 खेल स्पर्धाओं का आयोजन होगा।



