Home देश दुनिया Lucknow crime: लखनऊ में प्रेम प्रसंग का खौफनाक अंजाम, स्कॉर्पियो सवार ने...

Lucknow crime: लखनऊ में प्रेम प्रसंग का खौफनाक अंजाम, स्कॉर्पियो सवार ने युवती पर फायरिंग की

0
47

Lucknow crime: लखनऊ में प्रेम प्रसंग का खौफनाक अंजाम, स्कॉर्पियो सवार ने युवती पर फायरिंग की

लखनऊ के पारा थाना क्षेत्र में गुरुवार रात करीब 2 बजे एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। यहां एक 21 वर्षीय युवती पर उसका पुराना प्रेमी आकाश कश्यप ने घर में घुसकर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। आरोपी युवती पर पुराने प्रेम-प्रसंग को फिर से शुरू करने का दबाव बना रहा था, लेकिन युवती ने दूरी बनाना शुरू कर दिया था। आकाश की नशे की आदत और आपराधिक पृष्ठभूमि के कारण युवती ने उससे संपर्क कम कर लिया था।

जानकारी के मुताबिक, युवती अपने परिवार के साथ किराए के घर में रहती थी। बड़ी बहन ने बताया कि लगभग एक साल पहले ऑर्केस्ट्रा इवेंट में उनकी छोटी बहन की मुलाकात सरोजनी नगर निवासी आकाश कश्यप से हुई थी। बातचीत बढ़ी और दोनों के बीच प्रेम-प्रसंग शुरू हो गया। कुछ महीनों बाद युवती को पता चला कि आकाश नशे का आदी है और उसका क्रिमिनल रिकॉर्ड भी है। इसके बाद युवती ने उससे दूरी बनाना शुरू कर दी, लेकिन आकाश लगातार अलग-अलग नंबरों से कॉल करके उसे परेशान करता रहा और कई बार नशे में घर आकर गाली-गलौज भी करता था।

वारदात के दिन आकाश 4–5 लोगों के साथ घर के बाहर पहुंचा। उसने CCTV कैमरा तोड़ दिया और अकेले घर में घुस गया। बड़ी बहन ने बताया कि आकाश शराब के नशे में था और उसने कमरे में घुसकर युवती को धक्का देकर पीटना शुरू कर दिया। गाली-गलौज करने के बाद आकाश ने तमंचा निकाला और युवती पर फायरिंग कर दी। दो गोलियां चलीं, एक गोली युवती के कंधे में और दूसरी हाथ में लगी।

बड़ी बहन के अनुसार, गोली चलने के बाद आकाश उनकी 7 साल की भांजी की ओर बढ़ा, लेकिन बच्ची डरकर भाग गई और बच गई। इसके बाद आकाश ने युवती को कमरे में बंद कर बाहर से कुंडी लगा दी और स्कॉर्पियो में बैठकर फरार हो गया।

गोलियों की आवाज और चीख-पुकार सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे और घायल युवती को तुरंत लोकबंधु अस्पताल ले जाया गया। पुलिस को भी तुरंत सूचना दी गई। फिलहाल युवती का इलाज जारी है। पारा पुलिस ने आरोपी आकाश कश्यप के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी गिरफ्तारी के लिए टीम लगा दी है। पुलिस आरोपित की जल्द गिरफ्तारी की कोशिश कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here