Home देश दुनिया Kurukshetra Accident: हरियाणा के कुरुक्षेत्र में दर्दनाक हादसा, होटल के कमरे में...

Kurukshetra Accident: हरियाणा के कुरुक्षेत्र में दर्दनाक हादसा, होटल के कमरे में अंगीठी जलाकर सोए यूपी के 5 मजदूरों की मौत

0
45

Kurukshetra Accident: हरियाणा के कुरुक्षेत्र में दर्दनाक हादसा, होटल के कमरे में अंगीठी जलाकर सोए यूपी के 5 मजदूरों की मौत

हरियाणा के कुरुक्षेत्र में एक बेहद दर्दनाक हादसे ने सभी को झकझोर कर रख दिया है। जिला जेल के पास स्थित होटल स्टर्लिंग के एक कमरे में सो रहे उत्तर प्रदेश के पांच मजदूरों की दम घुटने से मौत हो गई। मृतकों में एक ठेकेदार और चार श्रमिक शामिल हैं, जो सभी यूपी के सहारनपुर जिले के रहने वाले बताए जा रहे हैं। यह घटना सोमवार देर रात की है, जब सभी काम खत्म करने के बाद कमरे में कोयले की अंगीठी जलाकर सो गए थे।

जानकारी के मुताबिक, सहारनपुर के शेखपुरा कदीम इलाके का रहने वाला ठेकेदार नूर अपने चार मजदूरों के साथ कुरुक्षेत्र होटल में पेंट का काम करने आया था। सोमवार शाम करीब चार बजे सभी होटल पहुंचे थे और दिनभर काम के बाद रात को खाना खाकर एक ही कमरे में सो गए। ठंड से बचने के लिए उन्होंने कमरे के अंदर कोयले की अंगीठी जलाई और दरवाजा बंद कर लिया।

मंगलवार सुबह जब काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो होटल कर्मचारियों को शक हुआ। कई बार आवाज देने के बावजूद अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद होटल प्रबंधन ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर कमरे में प्रवेश किया, जहां पांचों मजदूर बेसुध हालत में पड़े मिले। आनन-फानन में सभी को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने सभी को मृत घोषित कर दिया।

पुलिस के अनुसार, प्राथमिक जांच में मौत का कारण अंगीठी से निकला जहरीला धुआं माना जा रहा है, जिससे कमरे में ऑक्सीजन की कमी हो गई और दम घुटने से सभी की जान चली गई। कमरे से शराब की तीन बोतलें भी बरामद हुई हैं। साथ ही मैगी के पैकेट और खाने का सामान मिला है, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि कुछ खाना होटल से और कुछ बाहर से मंगाया गया था।

होटल मैनेजर उपेंद्र नैन ने बताया कि होटल के पीछे नए कमरों का निर्माण चल रहा है और उन्हीं कमरों के पेंट का ठेका ठेकेदार नूर को दिया गया था। फिलहाल पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। इस हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है और एक बार फिर बंद कमरे में अंगीठी जलाने के खतरे पर सवाल खड़े हो गए हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here