Indore: इंदौर में शूटिंग कोच का कुकृत्य, नाबालिग छात्रा के साथ छेड़छाड़ और धमकी का मामला, ‘लव जिहाद’ के आरोपों ने बढ़ाई चिंता”
इंदौर के मल्हारगंज इलाके में ड्रीम ओलंपिक शूटिंग अकादमी के कोच मोहसिन खान पर नाबालिग छात्रा के साथ छेड़छाड़ और यौन शोषण के गंभीर आरोप लगे हैं। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, लेकिन बजरंग दल के दावों ने इस मामले को और भी विवादास्पद बना दिया है। संगठन का आरोप है कि मोहसिन ने 150 से अधिक हिंदू युवतियों को निशाना बनाकर उनके साथ अश्लील हरकतें कीं और उन्हें धमकाया।
मामला तब सामने आया जब पीड़िता ने अपने भाई के साथ अन्नपूर्णा थाने में शिकायत दर्ज कराई। पीड़िता ने बताया कि वह 2021 से नवंबर 2023 तक इस अकादमी में राइफल शूटिंग की प्रैक्टिस करती थी। 8 नवंबर 2023 को प्रैक्टिस के दौरान कोच मोहसिन खान ने राइफल पकड़ने का बहाना बनाकर उसके साथ अश्लील हरकतें कीं। जब पीड़िता ने विरोध किया और उसे धक्का दिया, तो मोहसिन ने उसे धमकी दी, “अगर तुझे अकादमी में रहना है, तो जैसा मैं कहूं, वैसा करना होगा, वरना तेरा करियर खत्म कर दूंगा।” डर और शर्मिंदगी के कारण पीड़िता ने उस समय शिकायत नहीं की, लेकिन बाद में परिवार को सच बताया और पुलिस में केस दर्ज कराया।
पुलिस ने आरोपी मोहसिन खान के खिलाफ यौन उत्पीड़न और धमकी देने समेत कई धाराओं में मामला दर्ज किया है। हालांकि, बजरंग दल के कार्यकर्ताओं का दावा है कि यह केवल एक छात्रा तक सीमित मामला नहीं है, बल्कि मोहसिन ने एक व्यवस्थित तरीके से सैकड़ों हिंदू युवतियों को अपना शिकार बनाया है। उन्होंने पुलिस से मांग की है कि इस मामले की गहन जांच की जाए और सभी पीड़िताओं को न्याय दिलाया जाए।


