Operation Sindoor: ऑपरेशन सिंदूर पर पाकिस्तान को भारतीय सेना की दो टूक चेतावनी, मिलिट्री बेस पूरी तरह एक्टिव, हर मिशन के लिए तैयार
ऑपरेशन सिंदूर के तहत भारतीय सेना ने आतंकवाद के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पाकिस्तान को सख्त संदेश दिया है। तीनों सेनाओं के संचालन प्रमुखों ने स्पष्ट कर दिया है कि भारत की लड़ाई सिर्फ आतंकवाद और आतंकियों के ढांचों के खिलाफ है, लेकिन पाकिस्तानी सेना ने इस लड़ाई में आतंकियों का खुला समर्थन किया।
एयर मार्शल एके भारती ने प्रेस ब्रीफिंग में कहा, “हमने 7 मई को आतंकवादी ठिकानों पर सटीक हमला किया। दुखद है कि पाकिस्तानी सेना ने आतंकियों का साथ दिया और इस लड़ाई को अपनी बना लिया। हमारी जवाबी कार्रवाई जरूरी थी और उनके नुकसान के लिए वे खुद जिम्मेदार हैं।” उन्होंने यह भी साफ किया कि भारत के सभी सैन्य अड्डे पूरी तरह सक्रिय हैं और भविष्य में जरूरत पड़ी तो हर मिशन के लिए तैयार हैं।
डीजीएमओ लेफ्टिनेंट जनरल राजीव घई ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर में एयर डिफेंस ग्रिड ने दुश्मन की हर कोशिश को नाकाम किया। उन्होंने कहा, “पाकिस्तानी ड्रोन हमारे सुरक्षा ग्रिड के कारण नष्ट हुए। मैं बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स की भी सराहना करता हूं, जिनकी मुस्तैदी से पाकिस्तान की हर नापाक हरकत का मुंहतोड़ जवाब दिया गया।”
जनरल घई ने बताया कि हाल के वर्षों में आतंकी हमलों का चरित्र बदला है, अब सेना और आम नागरिक दोनों को निशाना बनाया जा रहा है। “शिवखोड़ी मंदिर जा रहे श्रद्धालुओं और पहलगाम में मासूम पर्यटकों पर हमले के बाद आतंकियों का पाप का घड़ा भर चुका था,” उन्होंने कहा।
उन्होंने यह भी बताया कि भारतीय सेना ने बिना एलओसी पार किए आतंकियों के खिलाफ सटीक हमले किए। जब पाकिस्तान की वायुसेना ने 9-10 मई को भारत के एयरफील्ड और लॉजिस्टिक ठिकानों पर हमला करने की कोशिश की, तो वे मजबूत एयर डिफेंस के सामने विफल रहे।
भारतीय सेना का यह दो टूक संदेश साफ है – भारत की सैन्य शक्ति पूरी तरह चौकस है और देश की सुरक्षा में सेंध लगाने की कोई भी कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी।



