दक्षिण अफ्रीका ने पहले वनडे में भारत को 9 रन से हरा दिया है। अफ्रीका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए डेविड मिलर और हेनरिक क्लासेन की दमदार अर्धशतकीय पारियों की बदौलत निर्धारित 40 ओवर में 249 रन बनाए। बारिश से प्रभावित ये मैच 40-40 ओवरों में खेला गया। इसके जवाब में भारतीय टीम संजू सैमसन के 86 रन के बावजूद 40 ओवर में 8 विकेट खोकर 240 रन ही बना सकी। अफ्रीका द्वारा मिले 250 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत खराब और धीमी रही।
दक्षिण अफ्रीका ने बनाए 249 रन
दक्षिण अफ्रीका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 40 ओवर में 4 विकेट खोकर 249 रन बनाए। अफ्रीका की ओर से डेविड मिलर और हेनरिक क्लासेन ने अर्धशतकीय पारी खेली। अटल बिहारी वाजपेयी इकाना स्टेडियम पर बारिश के कारण ओवरों की संख्या घटा कर 40-40 की गई है और एक गेंदबाज ने अधिकतम आठ ओवर फेंका। पहला और तीसरा पावरप्ले आठ ओवर का हुआ, जबकि दूसरा पावरप्ले 24 ओवर का हुआ। डिकॉक और जानेमन के बीच पहले विकेट के लिए 49 रन की साझेदारी हुई। मलान 42 गेंद में 22 रन बनाकर आउट हुए। कप्तान तेम्बा बावुमा 12 गेंद में 8 रन बनाकर आउट हुए। कुलदीप ने शानदार गेंद डालकर एडन मारक्रम को क्लीन बोल्ड किया। वह खाता भी नहीं खोल सके। क्विंटन डिकॉक 54 गेंद में 48 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद हेनरिक क्लासेन और डेविड मिलर ने पांचवें विकेट के लिए शतकीय साझेदारी की। डेविड मिलर 63 गेंदों में 75 रन और हेनरिक क्लासेन ने 65 गेंदों में 74 रन बनाकर नाबाद रहे। दोनों के बीच 106 गेंदों में 139 रन की साझेदारी हुई।
खूब लड़े संजू सैमसन
भारतीय टीम के सामने लक्ष्य ज्यादा बड़ा नहीं था पर इसे हासिल करने के लिए जरूरी शुरुआत उसे नहीं मिली। कप्तान शिखर धवन और शुभमन गिल की जोड़ी पहली गेंद से ही लय में नजर नहीं आई नतीजतन दोनों ही बल्लेबाज क्लीन बोल्ड होकर पवेलियन लौटे। शुभमन गिल को तीसरे ओवर में अफ्रीकी तेज गेंदबाज कगिसो रबाडा ने 3 रन के निजी स्कोर पर चलता किया। वहीं कप्तान धवन 4 रन के निजी स्कोर पर वैन पर्नेल का शिकार बने। ये दोनों धुरंधर जब आउट हुए तब टीम का स्कोर था 8 रन। तीसरे और चौथे नंबर पर आए ऋतुराज गायकवाड और ईशान किशन ने क्रीज पर वक्त जरूर गुजारा पर इसे बड़ी पारी में तब्दील करने में नाकामयाब साबित हुए। गायकवाड़ ने 19 और किशन ने 20 रन बनाए। इस मुकाबले में उपकप्तान श्रेयस अय्यर 5वें और संजू सैमसन छठे नंबर पर बैटिंग करने के लिए आए। इन दोनों बल्लेबाजों ने अर्धशतकीय पारियां खेली। श्रेयस ने 37 गेंदों पर 50 रन बनाए जबकि संजू सैमसन ने आखिरी ओवर तक मैच में रोमांच बनाकर रखा। इस मैच में भारत के सामने जीत के लिए 250 रन का लक्ष्य था। आखिरी ओवर में टीम इंडिया जीत से 30 रन दूर थी और स्ट्राइक पर संजू सैमसन थे। सैमसन ने आखिरी ओवर में कोशिश तो खूब की पर वह 21 रन ही बना सके। नतीजतन भारत ने इस मैच को 9 रन से गंवा दिया। संजू सैमसन ने इस मैच में 63 गेंदों पर नाबाद 86 रन बनाए जिसमें 9 चौकों के साथ 3 छक्के शामिल थे।



