Dhar Accident: मध्य प्रदेश के धार में भीषण सड़क हादसा चार लोगों की मौके पर मौत
मध्य प्रदेश के धार जिले में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसने इलाके में सनसनी फैला दी। तिरला इलाके के भलगावड़ी गांव के पास एक अज्ञात वाहन ने कार को जबरदस्त टक्कर मार दी, जिससे कार में सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि कार के परखच्चे उड़ गए और मंजर बेहद भयावह हो गया। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए। स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत कर कार में फंसे शवों को बाहर निकाला और फिर पुलिस को सूचना दी गई।
जानकारी के मुताबिक, मृतक झाबुआ से धार में एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। रास्ते में भलगावड़ी गांव के पास उनकी कार को किसी अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि किसी को संभलने का मौका भी नहीं मिला और चारों लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। फिलहाल तिरला पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और अज्ञात वाहन की तलाश में जुट गई है। पुलिस हादसे के कारणों की भी जांच कर रही है और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया है। इस दर्दनाक हादसे से इलाके में शोक का माहौल है।


