Delhi Sewer Accident: दिल्ली सोनिया विहार में सीवर लाइन के गड्ढे में दबकर मजदूर की मौत, लापरवाही के आरोप
दिल्ली। उत्तर-पूर्वी दिल्ली के सोनिया विहार इलाके में सीवर लाइन निर्माण के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया, जिसमें गहरे गड्ढे में काम कर रहे 25 वर्षीय मजदूर की मिट्टी धंसने से मौत हो गई। मृतक की पहचान अफजल के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और स्थानीय लोगों ने ठेकेदार तथा संबंधित विभाग पर लापरवाही के गंभीर आरोप लगाए हैं।
यह हादसा सोनिया विहार के तीसरे पुस्ते पर उस समय हुआ जब इलाके में सीवर लाइन बिछाने का काम चल रहा था। जानकारी के अनुसार शुक्रवार दोपहर करीब 3 बजे मजदूर अफजल गहरे गड्ढे में उतरकर सीवर लाइन से जुड़ा काम कर रहा था। इसी दौरान अचानक गड्ढे की दीवारों की मिट्टी ढह गई और भारी मात्रा में मिट्टी सीधे उसके ऊपर आ गिरी। देखते ही देखते अफजल पूरी तरह मिट्टी में दब गया।
मौके पर मौजूद अन्य मजदूरों और लोगों ने उसे बाहर निकालने की कोशिश की, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत कार्य के बाद शव को बाहर निकाला गया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए Guru Teg Bahadur Hospital भेज दिया गया।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए थे। गड्ढे के किनारों को मजबूत करने के लिए कोई सपोर्ट या बैरिकेडिंग नहीं की गई थी और मजदूरों को भी जरूरी सुरक्षा उपकरण नहीं दिए गए थे। लोगों का कहना है कि यदि सुरक्षा मानकों का पालन किया गया होता तो यह हादसा टाला जा सकता था।
बताया जा रहा है कि यह निर्माण कार्य ठेकेदार अजब सिंह के जरिए कराया जा रहा था। घटना के बाद इलाके में लोगों में गुस्सा है और उन्होंने जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और यह पता लगाया जा रहा है कि निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा नियमों का पालन किया गया था या नहीं। जांच के आधार पर ठेकेदार और संबंधित विभाग के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।



