दिल्ली सरकार की ‘जलदूत’ पहल सराहनीय, भीषण गर्मी में यात्रियों को मिली मुफ्त ठंडे पानी की सुविधा: श्री दत्त शर्मा
नई दिल्ली, (रविंद्र कुमार ): राजधानी दिल्ली में पड़ रही भीषण गर्मी के बीच दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) द्वारा शुरू की गई ‘जलदूत’ पहल को लेकर भाजपा के वरिष्ठ नेता पूर्व विधायक श्री दत्त शर्मा ने खुशी जाहिर करते हुए दिल्ली सरकार के इस कदम की सराहना की है। उन्होंने कहा कि हीटवेव एक्शन प्लान के अंतर्गत मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और परिवहन मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह के निर्देशों पर उठाया गया यह कदम जनता के हित में बेहद सराहनीय है। श्री दत्त शर्मा ने कहा कि दिल्ली के 23 प्रमुख बस टर्मिनलों पर ‘जलदूत’ के माध्यम से यात्रियों और राहगीरों को मुफ्त ठंडा पेयजल उपलब्ध कराना एक मानवीय और संवेदनशील पहल है। इससे खासकर रोजाना सफर करने वाले लोगों को बड़ी राहत मिल रही है, जो इस भीषण गर्मी में सबसे अधिक प्रभावित होते हैं। यह योजना पहले भी शुरू की गई थी और इसे जनता का व्यापक समर्थन मिला था। इस बार इसे और मजबूत करते हुए ज्यादा लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया गया है, जो निश्चित रूप से स्वागत योग्य है। इसके अलावा करीब 3000 डीटीसी बसों में भी यात्रियों के लिए मुफ्त पेयजल की व्यवस्था करना सरकार की दूरदर्शिता को दर्शाता है। इससे लोग पूरे सफर के दौरान सुरक्षित रूप से हाइड्रेट रह सकेंगे। श्री दत्त शर्मा ने दिल्ली सरकार, मुख्यमंत्री और परिवहन मंत्री का धन्यवाद करते हुए कहा कि इस तरह के कदम यह साबित करते हैं कि सरकार जनता के स्वास्थ्य और सुविधा को लेकर गंभीर है। उन्होंने कहा कि इस पहल से दिल्ली वासियों के प्रति सरकार की संवेदनशीलता और जनसेवा की भावना स्पष्ट रूप से दिखाई देती है। अंत में उन्होंने लोगों से अपील की कि हीटवेव के दौरान सावधानी बरतें, पर्याप्त पानी पीते रहें और दोपहर की तेज धूप में अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचें।



