Home खेल CWG 2026: कॉमनवेल्थ गेम्स में भारत का सुपर सैटरडे, 3 घंटे में...

CWG 2026: कॉमनवेल्थ गेम्स में भारत का सुपर सैटरडे, 3 घंटे में 3 गोल्ड समेत 7 मेडल जीतकर लगाई लंबी छलांग

0
6
Commonwealth Games 2026, India CWG, Boxing Gold, Para Athletics, India Medals

CWG 2026: कॉमनवेल्थ गेम्स में भारत का सुपर सैटरडे, 3 घंटे में 3 गोल्ड समेत 7 मेडल जीतकर लगाई लंबी छलांग

नई दिल्ली, 1 अगस्त : कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 का 10वां दिन भारत के लिए बेहद शानदार साबित हुआ। शनिवार को भारतीय खिलाड़ियों ने महज तीन घंटे के भीतर तीन स्वर्ण पदक सहित कुल सात पदक जीतकर मेडल तालिका में बड़ी छलांग लगा दी। दमदार प्रदर्शन के दम पर भारत अब 8 स्वर्ण, 15 रजत और 7 कांस्य सहित कुल 30 पदकों के साथ छठे स्थान पर पहुंच गया है। शुक्रवार तक भारत 10वें स्थान पर था, लेकिन शनिवार को शानदार प्रदर्शन ने तस्वीर पूरी तरह बदल दी।

शनिवार को भारतीय मुक्केबाजों का दबदबा देखने को मिला। महिला मुक्केबाजी में महज 15 मिनट के अंतराल में भारत ने लगातार दो स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रच दिया। सबसे पहले प्रीति पवार ने महिला 54 किग्रा वर्ग के फाइनल में कनाडा की स्कार्लेट डेलगाडो को एकतरफा मुकाबले में 5-0 से हराया। मुकाबले के तीनों राउंड में पांचों जजों ने प्रीति के पक्ष में 10-10 अंक दिए, जिससे उन्होंने भारत को दिन का पहला बॉक्सिंग गोल्ड दिलाया।

प्रीति की जीत के कुछ ही मिनट बाद जैस्मिन लंबोरिया ने महिला 57 किग्रा वर्ग के फाइनल में नॉर्दर्न आयरलैंड की मिकेला वॉल्श को भी 5-0 से हराकर भारत को मुक्केबाजी का दूसरा स्वर्ण पदक दिलाया। दोनों महिला मुक्केबाजों के शानदार प्रदर्शन ने भारत की पदक संख्या और रैंकिंग दोनों को मजबूती दी।

हालांकि पुरुषों की 55 किग्रा मुक्केबाजी स्पर्धा के फाइनल में जादूमणि को ऑस्ट्रेलिया के झाई डिक्सन के खिलाफ 0-5 से हार का सामना करना पड़ा। इसके बावजूद उन्होंने रजत पदक जीतकर भारत के खाते में एक और मेडल जोड़ा।

पैरा एथलेटिक्स में भी भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। पुरुषों की शॉट पुट F57 स्पर्धा में भारत ने स्वर्ण और रजत दोनों पदक अपने नाम किए। सोमन राणा ने अपने दूसरे प्रयास में 13.40 मीटर का सर्वश्रेष्ठ थ्रो फेंककर स्वर्ण पदक जीता, जबकि शुभम जुयाल ने अंतिम प्रयास में 13.28 मीटर का थ्रो कर रजत पदक हासिल किया।

पुरुषों की ट्रिपल जंप स्पर्धा में भी भारत का प्रदर्शन शानदार रहा। प्रवीण चित्रावेल ने 16.58 मीटर की छलांग लगाकर रजत पदक जीता, जबकि युवा एथलीट सेल्वा प्रभु ने 16.52 मीटर की छलांग के साथ कांस्य पदक अपने नाम किया। इस स्पर्धा में दो भारतीय खिलाड़ियों का पोडियम पर पहुंचना देश के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।

जूडो प्रतियोगिता में महिला 63 किग्रा वर्ग में उन्नति शर्मा ने न्यूजीलैंड की कोना क्रिस्टी को हराकर सेमीफाइनल में जगह बना ली है और अब उनके पास पदक जीतने का मौका है। वहीं पुरुष 81 किग्रा वर्ग में हर्ष टोकस, महिला 70 किग्रा वर्ग में इनुनगांबी तखेलाबाम और पुरुष 90 किग्रा वर्ग में करणजीत सिंह मान अपने-अपने क्वार्टर फाइनल मुकाबले हार गए। हालांकि इन खिलाड़ियों के पास रेपेचेज के जरिए कांस्य पदक जीतने का अवसर अभी भी बना हुआ है।

दूसरी ओर पुरुषों की स्प्रिंट स्पर्धा में भारत को निराशा हाथ लगी। डेविड बैकहम, रोनाल्डो सिंह और रोहित सिंह शीर्ष-16 में जगह बनाने में सफल नहीं हो सके और प्रतियोगिता से बाहर हो गए।

अब तक कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारत के स्वर्ण पदक विजेताओं में मीराबाई चानू (महिला 48 किग्रा वेटलिफ्टिंग), शर्मिला धनखड़ (महिला शॉट पुट F57), दिलीप महादू गावित (पुरुष 100 मीटर T47), अस्मिता डे (महिला 48 किग्रा जूडो), हर्ष सिंह (पुरुष 60 किग्रा जूडो), प्रीति पवार (महिला 54 किग्रा मुक्केबाजी), जैस्मिन लंबोरिया (महिला 57 किग्रा मुक्केबाजी) और सोमन राणा (पुरुष शॉट पुट F57) शामिल हैं।

भारत के खिलाड़ियों के इस शानदार प्रदर्शन से देश की पदक तालिका लगातार मजबूत हो रही है। आने वाले मुकाबलों में भी भारतीय खिलाड़ियों से पदकों की उम्मीद बनी हुई है और खेल प्रेमियों की नजर अब अगले स्वर्ण पदकों पर टिकी है।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here