Bhopal Murder: मामूली विवाद में युवक की चाकू मारकर हत्या, इलाके में तनाव के बाद चक्काजाम और हनुमान चालीसा पाठ
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में मामूली विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया, जहां एक युवक की चाकू मारकर निर्मम हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया और लोगों ने विरोध में चक्काजाम कर हनुमान चालीसा का पाठ किया।
यह वारदात कोलार क्षेत्र के प्रभात चौराहे की है, जहां देर रात बदमाशों ने 28 वर्षीय विजय सिंह मेवाड़ा पर हमला कर दिया। जानकारी के अनुसार, विजय अपनी दुकान बंद कर घर लौट रहा था, तभी रास्ते में उसे रोका गया और उसके साथी को छोड़ने के लिए कहा गया।
मना करने पर विवाद बढ़ गया और आरोपियों ने अचानक चाकू से हमला कर दिया। पेट में गंभीर वार लगने से विजय सिंह मेवाड़ा की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोग बड़ी संख्या में मौके पर इकट्ठा हो गए।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने फरहान उर्फ हरीश और इमरान को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं मुख्य आरोपी आसिफ कुरेशी उर्फ बमकांड अभी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
Bhopal Police के अनुसार, फरार आरोपी आसिफ पर 30 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है। एसीपी उमेश तिवारी ने बताया कि आरोपी की तलाश तेज कर दी गई है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला और उन्होंने विरोध प्रदर्शन करते हुए चक्काजाम किया। तनावपूर्ण माहौल के बीच लोगों ने हनुमान चालीसा का पाठ कर विरोध जताया और इलाके में सुरक्षा बढ़ाने की मांग की।



