Home देश दुनिया Ambala Terrorist Arrested: जम्मू-कश्मीर जुवेनाइल होम से फरार 2 पाकिस्तानी आतंकी अंबाला...

Ambala Terrorist Arrested: जम्मू-कश्मीर जुवेनाइल होम से फरार 2 पाकिस्तानी आतंकी अंबाला रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार

0
35

Ambala Terrorist Arrested: जम्मू-कश्मीर जुवेनाइल होम से फरार 2 पाकिस्तानी आतंकी अंबाला रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार
अंबाला। हरियाणा पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स को बड़ी सफलता हाथ लगी है। हरियाणा स्पेशल टास्क फोर्स ने जम्मू-कश्मीर के आरएस पुरा इलाके से जुवेनाइल होम से फरार हुए दो आतंकियों को अंबाला रेलवे स्टेशन परिसर से गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों को बाद में जम्मू-कश्मीर पुलिस के हवाले कर दिया गया।
एसपी एसटीएफ विक्रांत भूषण ने जानकारी देते हुए बताया कि आर एस पुरा स्थित जुवेनाइल होम से तीन आतंकी फरार हुए थे। फरारी के दौरान सुरक्षा कर्मियों पर गोलीबारी की घटना भी सामने आई थी। फरार आतंकियों में दो पाकिस्तानी नागरिक और एक भारतीय शामिल था।
सूचना के आधार पर STF हरियाणा ने अंबाला रेलवे स्टेशन के आसपास सघन तलाशी अभियान चलाया। तकनीकी इनपुट और खुफिया जानकारी के आधार पर दोनों संदिग्धों को स्टेशन परिसर से दबोच लिया गया। गिरफ्तार आतंकियों की पहचान 20 वर्षीय मोहम्मद सनुला और 21 वर्षीय अहसान अनवर के रूप में हुई है। दोनों पाकिस्तान के निवासी बताए जा रहे हैं।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, एक आरोपी वर्ष 2019 से और दूसरा 2021 से जुवेनाइल होम में बंद था। सुरक्षा एजेंसियां इस बात की भी जांच कर रही हैं कि फरारी के बाद दोनों किन-किन स्थानों पर ठहरे और क्या उनके किसी स्थानीय नेटवर्क से संबंध थे।
गिरफ्तारी के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने अंबाला और आसपास के क्षेत्रों में अलर्ट जारी कर दिया। स्टेशन और अन्य संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए। पूछताछ के बाद दोनों आरोपियों को कानूनी प्रक्रिया पूरी कर जम्मू और कश्मीर पुलिस को सौंप दिया गया है।
हरियाणा एसटीएफ की इस कार्रवाई को बड़ी कामयाबी माना जा रहा है। सुरक्षा एजेंसियां अब तीसरे फरार आरोपी की तलाश में जुटी हैं और विभिन्न राज्यों की पुलिस के साथ समन्वय कर सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here