Akhilesh Yadav Brother Death: अखिलेश यादव के छोटे भाई प्रतीक यादव का निधन, मौत की वजह अब तक साफ नहीं
समाजवादी पार्टी प्रमुख Akhilesh Yadav के छोटे भाई Prateek Yadav का बुधवार सुबह लखनऊ में निधन हो गया। 38 वर्षीय प्रतीक यादव को सुबह करीब 6 बजे गंभीर हालत में सिविल अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उनकी अचानक मौत की खबर से राजनीतिक और सामाजिक हलकों में शोक की लहर दौड़ गई है।
जानकारी के मुताबिक प्रतीक यादव को उनकी पत्नी Aparna Yadav के भाई अमन सिंह बिष्ट अस्पताल लेकर पहुंचे थे। सिविल अस्पताल के चीफ मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ. डीसी पांडेय ने बताया कि जब प्रतीक को अस्पताल लाया गया तब उनकी पल्स पूरी तरह डाउन थी और हार्ट काम करना बंद कर चुका था।
मौत की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में शरीर पर किसी तरह के चोट के निशान नहीं मिले हैं। हालांकि डॉक्टरों ने मौत के कारणों की पुष्टि के लिए विसरा सुरक्षित रख लिया है। पोस्टमॉर्टम के बाद शव को उनके लखनऊ स्थित आवास पर ले जाया गया, जहां अंतिम संस्कार की तैयारियां शुरू कर दी गईं।
घटना के समय अपर्णा यादव असम में थीं, जहां वह मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने गई थीं। सूचना मिलने के बाद वह तुरंत लखनऊ के लिए रवाना हो गईं। माना जा रहा है कि उनके पहुंचने के बाद अंतिम संस्कार किया जाएगा।
इस बीच अखिलेश यादव भी पोस्टमॉर्टम हाउस पहुंचे और छोटे भाई के शव को देखकर भावुक हो गए। उन्होंने ड्राइवर और परिवार के लोगों से बातचीत की। बाहर निकलकर उन्होंने कहा कि यह परिवार के लिए बेहद दुखद समय है और परिवार जो निर्णय लेगा वही किया जाएगा।
बताया जा रहा है कि 30 अप्रैल को भी प्रतीक यादव की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें लखनऊ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। डॉक्टरों के अनुसार वे पल्मोनरी एम्बोलिज्म जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे। इस बीमारी में खून का थक्का फेफड़ों की नसों में फंस जाता है, जिससे ब्लड सर्कुलेशन प्रभावित होता है। इलाज के बाद हालत में कुछ सुधार होने पर वे अस्पताल से घर लौट आए थे।
प्रतीक यादव, पूर्व मुख्यमंत्री Mulayam Singh Yadav और उनकी दूसरी पत्नी साधना गुप्ता के बेटे थे। उन्होंने ब्रिटेन की लीड्स यूनिवर्सिटी से पढ़ाई की थी। राजनीति से दूरी बनाकर उन्होंने रियल एस्टेट और फिटनेस बिजनेस में अपना करियर बनाया था।
प्रतीक यादव और अपर्णा यादव की शादी करीब 14 साल पहले हुई थी। दोनों की दो बेटियां हैं। इसी साल जनवरी में प्रतीक ने सोशल मीडिया पर अपर्णा से तलाक लेने की घोषणा की थी और निजी जीवन को लेकर कई बातें लिखी थीं। हालांकि कुछ दिनों बाद दोनों के बीच सुलह हो गई थी और प्रतीक ने इंस्टाग्राम पर अपर्णा के साथ तस्वीर साझा करते हुए लिखा था — “All is Good।”



