
Green Gas Bill Scam: आगरा में बिल अपडेट के नाम पर साइबर ठगी, व्हाट्सएप पर भेजी एपीके फाइल से चार महीने में 55 लाख से ज्यादा उड़ाए
आगरा में पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) इस्तेमाल करने वाले उपभोक्ताओं को साइबर ठग ग्रीन गैस कंपनी के बिल अपडेट के नाम पर निशाना बना रहे हैं। ठग फोन कर कहते हैं कि बिल अपडेट करना है और व्हाट्सएप पर भेजे गए लिंक पर क्लिक करते ही काम हो जाएगा। इसी तरीके से बीते चार महीनों में उपभोक्ताओं से 55 लाख रुपये से ज्यादा ठगे जा चुके हैं।
साइबर थाना पुलिस की जांच में पता चला है कि कंपनी का डाटा चोरी हुआ था और ग्रीन गैस के 75 हजार से अधिक उपभोक्ता ठगों की नजर में हैं। चोरी के डाटा के आधार पर लोगों को कॉल किए गए। इन ठगी के मामलों में 15 से ज्यादा मुकदमे दर्ज हो चुके हैं, लेकिन अभी तक एक भी आरोपी पुलिस की गिरफ्त में नहीं आया है।
जांच में सामने आया कि ठगी की रकम जिन खातों में गई, वे पश्चिम बंगाल, असम, झारखंड और केरल के हैं, यानी पूरा नेटवर्क इन्हीं चार राज्यों से संचालित हो रहा है। पुलिस ने रकम जमा कराने वाले 60 बैंक खातों और 12 मोबाइल नंबरों को चिह्नित किया है। ज्यादातर पीड़ितों को इन्हीं 12 नंबरों से कॉल आई थी, जो पश्चिम बंगाल के 24 परगना जिले के हैं और दूसरों की आईडी पर चल रहे थे।
ठगों ने ये खाते मजदूरों और कम पढ़े-लिखे लोगों को थोड़े पैसे देकर किराये पर लिए थे। पुलिस जब खाताधारकों तक पहुंची तो उन्हें ठगी के बारे में कुछ पता नहीं था। अब पुलिस उन लोगों की तलाश कर रही है, जिन्होंने ये खाते खुलवाए थे।
ठग मोबाइल पर नियंत्रण पाने के लिए एपीके फाइल का इस्तेमाल करते हैं, जिसे वेबसाइटों की मदद से तैयार किया जाता है। पुलिस ने ऐसी वेबसाइट की पहचान भी कर ली है। फाइल के अंदर मोबाइल का एक्सेस लेने वाला लिंक छिपा होता है, जबकि ऊपर शादी का कार्ड, ग्रीन गैस कंपनी या आरटीओ चालान जैसा नाम लिखा होता है, जिससे लोग धोखा खा जाते हैं। डीसीपी साइबर क्राइम आदित्य सिंह के अनुसार फाइल डाउनलोड होते ही मोबाइल हैक हो जाता है और ठग ई-वॉलेट की जानकारी लेकर रकम निकाल लेते हैं। आरोपियों की पहचान के लिए टीमें लगाई गई हैं।

सामने आए मामलों में अंजनीपुरम, मारुति स्टेट रोड निवासी सत्यवीर सिंह चाहर के खातों से बिल अपडेट के नाम पर भेजी गई फाइल के जरिए 1.32 लाख रुपये निकाल लिए गए। अरविंदपुरम, सिकंदरा के 64 वर्षीय राधा मोहन को बिल में 13 रुपये बकाया बताकर फाइल भेजी गई और डेबिट कार्ड व बैंक की जानकारी हासिल कर दो खातों से 5,96,636 रुपये उड़ा लिए गए।
पुष्पांजलि बाग, दयालबाग निवासी गिरीश शर्मा को 130 रुपये का बिल बकाया बताकर भुगतान का लिंक भेजा गया, जिसे खोलते ही उनके खाते से 2.98 लाख रुपये निकल गए। पुरानी मंडी, ताजगंज के अजय कुमार गुप्ता को सीआरएन नंबर देखने के बहाने फाइल भेजी गई और उनके खाते से 6,14,458 रुपये निकाल लिए गए।
पुष्पनगर, शाहगंज निवासी प्रभाकर को मीटर अपडेट के नाम पर फाइल भेजकर उनके बैंक खाते से 5,37,781 रुपये उड़ा लिए गए। वहीं अवधपुरी सरस्वती नगर फेज-दो निवासी अमन लालवानी के परिवार को पाइपलाइन के काम के बहाने फोन किया गया और फाइल डाउनलोड कराकर उनके पिता के खाते से चार लेनदेन में 7,99,544 रुपये निकाल लिए गए।
इन घटनाओं से साफ है कि व्हाट्सएप पर बिल, मीटर या चालान के नाम से आने वाले अनजान लिंक और फाइल पर क्लिक करना भारी पड़ सकता है। ऐसे संदेश मिलने पर उन्हें खोलने के बजाय तुरंत हटा देना ही सुरक्षित है।





आपकी राय