Richa Bhargav Arrest: बंटी के बाद बबली भी सलाखों के पीछे, 10 करोड़ की ठगी करने वाली रिचा भार्गव गिरफ्तार
वाराणसी में 10 करोड़ रुपये की ठगी करने वाली रिचा भार्गव उर्फ बबली को पुलिस ने हरियाणा के सोनीपत से गिरफ्तार कर लिया है। रिचा, पहले से जेल में बंद चर्चित फ्रॉड आरोपी शरद भार्गव उर्फ बंटी की पत्नी है। पुलिस के अनुसार रिचा व्यापारियों से पैसे लेकर धोखाधड़ी करती थी और फाइनेंशियल लेनदेन संभालती थी। उसके खिलाफ कई थानों में फ्रॉड के मुकदमे दर्ज हैं।
वाराणसी पुलिस ने बताया कि रिचा पर व्यापारियों से करीब 10 करोड़ रुपये की ठगी का आरोप है। उसे हरियाणा के सोनीपत से गिरफ्तार कर ट्रांजिट रिमांड पर वाराणसी लाया गया है। रिचा की गिरफ्तारी 7 जनवरी को थाना कुंडली क्षेत्र के टीडीआई मॉल स्थित करीम रेस्टोरेंट से हुई। पुलिस के अनुसार वह लंबे समय से फरार थी और अलग-अलग जगहों पर रहकर अपना ठिकाना बदल रही थी। उसके पति शरद भार्गव पहले ही 2025 में गिरफ्तार हो चुके हैं और इस समय वाराणसी जेल में बंद हैं।
रिचा भार्गव को लोग ‘लेडी नटवरलाल’ के नाम से भी जानते हैं। पुलिस का कहना है कि वह अपने पति शरद भार्गव के सभी फाइनेंशियल ट्रांजैक्शन संभालती थी और व्यापारियों से पैसे लेने, दबाव बनाने तथा रकम मांगने पर धमकाने में उसकी सक्रिय भूमिका रहती थी। पीड़ित व्यापारियों का आरोप है कि रिचा महिला होने का फायदा उठाती थी, पैसे मांगने पर आनाकानी करती थी और झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकी देती थी। वाराणसी के व्यापारी शंकर टोबी ने बताया कि शरद और रिचा ने उनसे ही करीब साढ़े तीन करोड़ रुपये की ठगी की।
पुलिस जांच में सामने आया है कि शरद और रिचा कंप्यूटर गुड्स और पेपर के होलसेल व्यापार से जुड़े थे। वे अन्य व्यापारियों को सरकारी टेंडर दिलाने और बड़ी डील का लालच देकर करोड़ों रुपये का माल और नकदी लेते थे। इसके बाद भुगतान के नाम पर टालमटोल शुरू कर देते थे। दोनों के नाम पर कुल पांच फर्म हैं, जिनमें से एक की प्रोपराइटर रिचा भार्गव है। पुलिस के मुताबिक ठगी के पैसे लेकर यह दंपती वाराणसी से बाहर निकल गए और हरियाणा के सोनीपत में कई फ्रेंचाइजी खोलकर लग्जरी जिंदगी जीने लगे।
एडीसीपी काशी और डीसीपी क्राइम सरवण टी ने बताया कि रिचा भार्गव के खिलाफ वाराणसी के अलग-अलग थानों में आधा दर्जन से ज्यादा फ्रॉड के मुकदमे दर्ज हैं। इन मामलों में कुल ठगी की रकम करीब 10 करोड़ रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने बताया कि रिचा और शरद दोनों ही इस फ्रॉड नेटवर्क के बेनिफिशियरी हैं। इनके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई की जा रही है। सभी दस्तावेज और तकनीकी साक्ष्य जुटा लिए गए हैं, जिन्हें अदालत में पेश किया जाएगा। पुलिस का कहना है कि दोनों पति-पत्नी विश्वास जीतने के बाद भारी रकम लेकर फरार हो जाते थे और अब पूरे नेटवर्क की गहन जांच की जा रही है।



