
Yamuna River: दिल्ली सरकार यमुना नदी पर जनता को सिर्फ भ्रमित कर रही है : अरुण तोमर
नई दिल्ली (शिवा कौशिक): यमुना नदी की स्वच्छता को लेकर दिल्ली में राजनीतिक बयानबाजी एक बार फिर तेज हो गई है। पत्तन, पोत परिवहन एवं जलमार्ग मंत्री सर्वानंद सोनोवाल द्वारा यमुना नदी पर पहली मनोरंजक इलेक्ट्रिक क्रूज सेवा ‘नमो यमुना रिवर सफारी’ का शुभारंभ किए जाने के बाद आम आदमी पार्टी के घोंडा विधानसभा क्षेत्र के पूर्व संगठन मंत्री अरुण तोमर ने दिल्ली सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि जब सरकार अभी तक यमुना नदी के पानी को साफ नहीं करा पाई है, तो अब क्या वह दूषित पानी में ही इलेक्ट्रिक क्रूज चलाएगी? उन्होंने कहा कि नदी की वास्तविक सफाई सुनिश्चित किए बिना मनोरंजक गतिविधियां शुरू करना यमुना की स्वच्छता से जुड़े बुनियादी सवालों का जवाब नहीं है।
अरुण तोमर ने कहा कि ‘नमो यमुना रिवर सफारी’ के तहत सोनिया विहार से जगतपुर तक करीब छह किलोमीटर की यात्रा प्रस्तावित है, जिसमें पर्यटक क्रूज के साथ विभिन्न मनोरंजक गतिविधियों का आनंद ले सकेंगे। हालांकि, उन्होंने इस पहल पर सवाल उठाते हुए कहा कि सरकार को सबसे पहले यमुना के पानी की गुणवत्ता सुधारने और नदी को प्रदूषण मुक्त बनाने पर ध्यान देना चाहिए। उनके अनुसार, यमुना की सफाई का मुद्दा दिल्ली के नागरिकों के स्वास्थ्य और पर्यावरण से जुड़ा हुआ है, इसलिए इस दिशा में किए जाने वाले कार्यों का आकलन घोषणाओं के बजाय जमीन पर दिखाई देने वाले परिणामों से होना चाहिए।
आप नेता ने कहा कि जब दिल्ली में आम आदमी पार्टी की सरकार थी, तब भारतीय जनता पार्टी ने यमुना की सफाई के मुद्दे पर लगातार सवाल उठाए थे। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने जनता के सामने आम आदमी पार्टी की ऐसी छवि प्रस्तुत की कि तत्कालीन सरकार यमुना की सफाई के लिए कोई काम नहीं कर रही है, जबकि उनके अनुसार यह आरोप सही नहीं था। अरुण तोमर ने कहा कि भाजपा ने दिल्ली विधानसभा चुनाव के दौरान यमुना की सफाई और नदी की स्वच्छता को प्रमुख मुद्दा बनाया था। पार्टी ने जनता से वादा किया था कि दिल्ली में सरकार बनने के बाद यमुना को साफ करने और उसकी स्थिति सुधारने के लिए प्रभावी काम किया जाएगा।

अरुण तोमर ने आरोप लगाया कि दिल्ली में भाजपा की सरकार बनने के बाद से यमुना की सफाई को लेकर लगातार घोषणाएं की जा रही हैं, लेकिन इनका अपेक्षित असर जमीन पर दिखाई नहीं दे रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से आए दिन नदी की सफाई से संबंधित किसी न किसी योजना या अभियान की घोषणा की जाती है, लेकिन यमुना की मौजूदा स्थिति को देखकर ऐसा नहीं लगता कि इन घोषणाओं से नदी की स्वच्छता में कोई ठोस बदलाव आया है। उन्होंने सवाल किया कि यदि सरकार वास्तव में यमुना की सफाई को लेकर गंभीर है, तो उसे अब तक किए गए कार्यों और उनके परिणामों को जनता के सामने स्पष्ट करना चाहिए।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार यमुना की सफाई के नाम पर लगातार नई योजनाओं और अभियानों की घोषणा करके दिल्ली की जनता को भ्रमित कर रही है। अरुण तोमर के मुताबिक, जनता को केवल घोषणाओं और प्रचार के बजाय यमुना की सफाई के वास्तविक परिणाम चाहिए। उन्होंने कहा कि नदी की स्वच्छता के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार कर उसका प्रभावी क्रियान्वयन किया जाना चाहिए, ताकि यमुना की स्थिति में वास्तविक सुधार हो सके। उन्होंने भाजपा पर जनता से किए गए वादों को पूरा नहीं करने का आरोप लगाते हुए कहा कि यमुना की सफाई के मुद्दे पर दिल्लीवासियों के साथ अन्याय हो रहा है।





आपकी राय