दिल्ली नगर निगम के आयुक्त ज्ञानेश भारती को जारी किया नोटिस : संजय गहलोत
नई दिल्ली ( सी.पी.एन.न्यूज़ ) : हिंदूराव अस्पताल में सफ़ाई कर्मचारी प्रकाश पुत्र इतवारी के साथ रेजिडेंट डॉक्टर अली द्वारा मारपीट के विरोध में अस्पताल में कार्यरत सभी सफाई कर्मचारी एंव अन्य स्टाफ पिछले कई दिनों से हड़ताल पर है ।
इस बाबत दिल्ली सफाई कर्मचारी आयोग के चेयरमैन संजय गहलोत ने बताया कि उक्त सफाई कर्मचारी प्रकाश से मिली शिकायत के अनुसार जब वह सुबह किसी मरीज़ की सहायता करते हुए स्ट्रेचर पर मरीज़ को डॉक्टर अली के पास लेकर पहुंचा और उनका दरवाज़ा खटखटाया तो डॉक्टर ने अभद्रतापूर्ण व्यवहार करते उसे धक्का दिया एवं कर्मचारी प्रकाश ने जब उन्हें ऐसा करने से मना किया तो जातिसूचक शब्दो से सम्बोधित किया और मारपीट की। इस मामले का संज्ञान लेकर निगम प्रशासन ने उल्टा सफाई कर्मचारी प्रकाश को केवल चार माह पश्चात रिटायर होने वाला है एवं सहायक सफ़ाई निरीक्षक विकास कौशिक को भी न केवल ट्रांसफर किया अपितु मेज़र पैनल्टी लगाते हुए निलंबित भी कर दिया, जिससे कर्मचारियों में भंयकर रोष व्याप्त है।
पीड़ित कर्मचारी ने आयोग का दरवाजा खटखटाया है और न्याय की मांग की है। मामले का संज्ञान लेकर आयोग के चेयरमैन संजय गहलोत ने तुरन्त अस्पताल का दौरा किया और हड़ताली कर्मचारियों से वार्तालाप की जहां सभी कर्मचारियों ने एक सुर में न्याय की गुहार की है और न्याय मिलने तक हड़ताल करने की घोषणा की है, उन्होंने कहा है दिल्ली नगर निगम के आला अधिकारियों ने बिना कोई जांच किए एक दलित सफाई कर्मचारी के विरुद्ध एकतरफा इतना कठोर फैसला लिया है।
आयोग के चेयरमैन संजय गहलोत ने मामले की अति गंभीरता को देखते हुए तुरन्त निगम कमिश्नर ज्ञानेश भारती को नोटिस जारी करते हुए एक सप्ताह में पूरी रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा है ताकि आगामी कार्रवाई की जा सके। चेयरमैन संजय गहलोत ने जी-20 शिखर सम्मेलन के मद्देनजर हड़ताली कर्मचारियों से भी हड़ताल को जल्द समाप्त करने का आह्वान किया है।



