Home देश दुनिया भारत ने भूकंप प्रभावित तुर्की को बचाव उपकरण, राहत सामग्री, मेडिकल दल...

भारत ने भूकंप प्रभावित तुर्की को बचाव उपकरण, राहत सामग्री, मेडिकल दल भेजे

0
236

भारत ने तुर्की में विनाशकारी भूकंप से प्रभावित हुए लोगों के लिए दो विमानों के जरिये राहत सामग्री और मेडिकल दलों को भेजा है। भूकंप में 5,000 से अधिक लोगों की मौत हुई है। सोमवार को आये दो शक्तिशाली भूकंप में तुर्की और सीरिया के विभिन्न हिस्से बुरी तरह से प्रभावित हुए हैं। भारत ने तुर्की में भूकंप प्रभावित इलाकों में मलबे में दबे लोगों को ढूंढने के लिए विभिन्न उपकरण भेजे हैं। विश्व के कई देशों ने तुर्की और सीरिया में राहत कार्यों के लिए मदद का हाथ बढ़ाया है। विदेश मंत्री एस जयशंकर ने एक ट्वीट में कहा, ‘‘भारत इस चुनौतीपूर्ण क्षण में अपनी एकजुटता व्यक्त करता है।’’ तलाश एवं बचाव कर्मियों के एक समूह, विशेष रूप से प्रशिक्षित श्वान दस्ता, ड्रिल मशीन, राहत सामग्री, दवाइयों के साथ प्रथम सी-17 परिवहन विमान आज सुबह तुर्की के अदन में उतरा। भारतीय वायुसेना का दूसरा विमान इसी तरह की सामग्री और कर्मियों के साथ दोपहर के करीब तुर्की के लिए रवाना हुआ।

जयशंकर ने कहा, ‘‘एनडीआरएफ के 50 से अधिक तलाश एवं बचाव कर्मियों, विशेष रूप से प्रशिक्षित श्वान दस्ते, ड्रिल मशीन, राहत सामग्री, दवाइयां और अन्य आवश्यक उपकरणों के साथ प्रथम भारतीय सी-17 उड़ान अदन, तुर्की पहुंच गया है।’’ प्रथम एवं दूसरे, दोनों विमानों से एनडीआरएफ के तलाश एवं बचाव कर्मी भेजे गये हैं। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने एक ट्वीट में कहा, ‘‘वायुसेना का दूसरा विमान सी-17, ‘श्वान दस्ते, तलाश एवं बचाव उपकरण, मलबा हटाने की मशीन’ सहित एनडीआरएफ के दलों के साथ तुर्की के लिए रवाना हुआ है। तुर्की के लोगों की जरूरत के समय भारत उनकी लगातार मदद कर रहा है।’’ उन्होंने कहा कि 99 सदस्यीय मेडिकल दल में गहन चिकित्सा विशेषज्ञ भी हैं। तुर्की में 30 बिस्तरों वाला एक अस्थायी चिकित्सा केंद्र स्थापित करने के लिए मेडिकल दलों को एक्स-रे मशीन, वेंटिलेटर, ऑक्सीजन उत्पादन संयंत्र, हृदय की निगरानी करने वाले उपकरणों से लैस किया गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here