उत्तर प्रदेश के संभल में ट्रेन में गैंगरेप की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। आरोप है कि ट्रेन के टीटीई और उसके एक साथी ने ट्रेन में महिला का गैंगरेप किया। पीड़ित महिला यात्री ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है, जिसके बाद जीआरपी ने आरोपी टीटीई को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही जीआरपी इस मामले की तफ्तीश कर रही है। गैंगरेप की सनसनीखेज वारदात चंदौसी जंक्शन से संबंधित है, जहां एक महिला सूबेदार गंज प्रयागराज जाने के लिए आई थी। महिला के पास जनरल बोगी का टिकिट था। आरोप के अनुसार स्टेशन पर मौजूद टीटी ने लंबी दूरी की यात्रा बताते हुए महिला को ट्रेन के एसी कोच में बैठा दिया। फिर चलती ट्रेन के कोच में टीटी और उसके साथी ने गैंगरैप किया। वापस लौट कर महिला ने चंदौसी जीआरपी में शिकायत की। पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी टीटी को गिरफ्तार कर लिया। वहीं जाआरपी दूसरे रेपिस्ट की शिनाख्त करने की कोशिश कर रही है। इस घटना से ट्रेन के सुरक्षा पर सवाल खड़े हो रहे हैं, जहां रक्षक ही भक्षक बन गए हैं। बता दें कि संभल जनपद में एक पखबाड़े में ट्रेन में रेप और छेड़खानी की दूसरी घटना है।
जानकारी के मुताबिक महिला अपने दो साल के बच्चे के साथ संभल के चंदौसी रेलवे स्टेशन से सूबेदारगंज जाने के लिए लिंक एक्सप्रेस ट्रेन का इंतजार कर रही थी। इसी दौरान चंदौसी रेलवे स्टेशन पर पोस्टेड टीटीई राजू सिंह उसके पास पहुंचा। बातचीत कर उसे एसी के फर्स्ट कोच में बैठने को कहा। इसके कुछ देर बाद टीटीई अपने साथी के साथ कंपार्टमेंट में पहुंचा और महिला के साथ गैंगरेप किया। मुरादाबाद के सीओ जीआरपी देवीदयाल ने बताया कि घटना एसी कोच में हुई है। पीड़िता ने गैंगरेप की FIR कराई है। महिला चंदौसी की रहने वाली है। टीटीई भी वहीं पोस्टेड है। उसको गिरफ्तार कर लिया गया है।



