जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर से एक और आतंकी हमले की घटना सामने आई है, बताया जा रहा है की श्रीनगर के ईदगाह इलाके में आतंकियों ने सुरक्षाबलों को निशाना बनाया है। आतंकियों ने सुरक्षाबलों पर ग्रेनेड से हमला किया। हालांकि इस हमले के एक स्थानीय नागरिक के घायल होने की सूचना है। यह हमला नरवाल में हुए विस्फोट के ठीक एक दिन बाद हुआ है। सुरक्षाबलों ने इलाके की घेराबंदी कर हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है। इस बीच पुलिस ने शोपियां में हिजबुल मुजाहिदीन के सबसे पुराने सक्रिय आतंकी को गिरफ्तार किया है। आतंकियों ने आज देर शाम को ईदगाह क्षेत्र में सीआरपीएफ और पुलिस की संयुक्त टीम को निशाना बनाकर ग्रेनेड फेंका और फरार हो गए।
मिली जानकरी के अनुसार ग्रेनेड निशाने से चूक गया और सड़क किनारे गिरकर फट गया। पुलिस के अनुसार, हमले में एजाज अहमद देवा निवासी संगम शोपियां को छर्रे लगे हैं। उन्हें अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। जहां से देर रात उन्हें घर भेज दिया गया। इधर, ग्रेनेड हमले की सूचना मिलने के बाद पुलिस, सीरआरपीएफ और सेना के जवान मौके पर पहुंच गए। उन्होंने इस पूरे क्षेत्र को घेरकर आतंकियों को पकड़ने के लिए अभियान शुरू कर दिया। इस मामले में एक दर्जन लोगों को पुलिस ने पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।
श्रीनगर पुलिस ने ट्वीट किया, ‘ईदगाह क्षेत्र में आतंकवादियों ने एक ग्रेनेड फेंका, जिससे अब्दुल रशीद देवा के बेटे और श्रीनगर के संगम निवासी एजाज अहमद देवा को छर्रे लगने से मामूली चोटें आईं।’ अधिकारियों ने कहा कि घायल व्यक्ति को अस्पताल में भर्ती कराया गया और उसकी हालत खतरे से बाहर है। उन्होंने कहा कि आरोपियों को पकड़ने के लिए एक अभियान शुरू किया गया। एक अन्य ट्वीट में पुलिस ने कहा कि घायल शख्स को एसकेआईएमएस अस्पताल सौरा में प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है। पुलिस ने कहा, ‘इसके अलावा, कुछ संदिग्धों को पूछताछ के लिए पकड़ा गया है।’



