प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां हीरा बा की तबीयत आज अचानक खराब हो गई और उन्हें अहमदाबाद के अस्पताल में भर्ती कराया गया। सांस में सुबह हुई तकलीफ की वजह से पीएम मोदी की मां हीरा बा यू एन मेहता अस्पताल में भर्ती हैं, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। डॉक्टरों की टीम उनका इलाज कर रही है। हीराबेन ने इसी साल 18 जून को अपना 100वां जन्मदिन मनाया था। उस मौके पर पीएम मोदी ने गांधीनगर जाकर उनका आशीर्वाद लिया था। तब प्रधानमंत्री ने अपनी आधिकारिक वेबसाइट ‘नरेंद्रमोदी डॉट इन’ पर ‘मां’ शीर्षक से एक भावुक कर देने वाला ब्लॉग लिखा था। उसमें उन्होंने बताया कि उनके जीवन में, उन्हें गढ़ने में उनकी मां की क्या अहमियत है। नरेंद्र मोदी के लिए ‘मां’ क्या है, पेश है उनके ही शब्दों में। “मां, ये सिर्फ एक शब्द नहीं है। जीवन की ये वो भावना होती जिसमें स्नेह, धैर्य, विश्वास, कितना कुछ समाया होता है। दुनिया का कोई भी कोना हो, कोई भी देश हो, हर संतान के मन में सबसे अनमोल स्नेह मां के लिए होता है। मां, सिर्फ हमारा शरीर ही नहीं गढ़ती बल्कि हमारा मन, हमारा व्यक्तित्व, हमारा आत्मविश्वास भी गढ़ती है। और अपनी संतान के लिए ऐसा करते हुए वो खुद को खपा देती है, खुद को भुला देती है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी यूएन मेहता इंस्टीट्यूट ऑफ कार्डियोलॉजी एंड रिसर्च सेंटर में भर्ती अपनी मां हीराबेन मोदी से मिलने के बाद अहमदाबाद एयरपोर्ट पहुंचे। अस्पताल के अनुसार, उसकी स्वास्थ्य स्थिति स्थिर है। अपनी बीमार मां से मिलने के बाद पीएम मोदी अस्पताल से दिल्ली के लिए रवाना हो गए हैं।



