Home क्राइम NEET Student Gangrape: चित्रकूट गैंगरेप केस में 48 घंटे बाद भी पुलिस...

NEET Student Gangrape: चित्रकूट गैंगरेप केस में 48 घंटे बाद भी पुलिस के हाथ खाली, CCTV में दिखे 3 संदिग्ध

0
5
NEET Student Gangrape

NEET Student Gangrape: चित्रकूट गैंगरेप केस में 48 घंटे बाद भी पुलिस के हाथ खाली, CCTV में दिखे 3 संदिग्ध

चित्रकूट। उत्तर प्रदेश के चित्रकूट जिले में NEET की तैयारी कर रही 20 वर्षीय छात्रा से कथित गैंगरेप के मामले ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। घटना के 48 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बावजूद पुलिस अब तक आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर सकी है। मामले में पुलिस को जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज में तीन संदिग्ध बाइक सवार दिखाई दिए हैं, जिनकी पहचान करने और उन्हें पकड़ने के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, यह घटना 22 जुलाई 2026 की दोपहर की है। पीड़िता, जो NEET की तैयारी कर रही है, अपने 17 वर्षीय मित्र के साथ बाइक से देवांगना एयरपोर्ट के पास स्थित जंगल क्षेत्र में गई थी। दोनों जंगल के भीतर बैठे हुए थे, तभी एक बाइक पर सवार तीन युवक वहां पहुंचे।

शिकायत के अनुसार, आरोपियों ने खुद को वन विभाग का कर्मचारी बताते हुए दोनों को डराना-धमकाना शुरू किया और कथित तौर पर पैसों की मांग की। जब दोनों ने पैसे देने से इनकार किया तो आरोपियों ने उनके साथ मारपीट की। आरोप है कि उन्होंने नाबालिग लड़के के हाथ-पैर बांध दिए और उसे एक आरोपी की निगरानी में बैठा दिया, जबकि दो अन्य आरोपी छात्रा को झाड़ियों के भीतर ले गए और उसके साथ कथित तौर पर सामूहिक दुष्कर्म किया। विरोध करने पर पीड़िता के साथ मारपीट किए जाने का भी आरोप है।

घटना के बाद पीड़िता का साथी किसी तरह आरोपियों के चंगुल से निकलने में सफल हुआ और उसने तत्काल 112 नंबर पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। हालांकि, पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले ही आरोपी कथित रूप से जान से मारने की धमकी देकर जंगल के रास्ते फरार हो गए।

पीड़िता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एडीजी जोन प्रयागराज ज्योति नारायण और डीआईजी राजेश एस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। डीआईजी राजेश एस स्वयं चित्रकूट में मौजूद रहकर जांच और कार्रवाई की निगरानी कर रहे हैं।

आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चित्रकूट, बांदा और प्रयागराज की पुलिस की संयुक्त टीमें गठित की गई हैं। जांच के दौरान मिले सीसीटीवी फुटेज में तीन संदिग्ध बाइक सवार दिखाई दिए हैं। पुलिस इन संदिग्धों की पहचान और लोकेशन का पता लगाने में जुटी हुई है।

पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने बताया कि संदिग्धों की पहचान की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। उन्होंने कहा कि पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार करने का प्रयास किया जाएगा।

चित्रकूट में महज दस दिनों के भीतर सामने आई कथित गैंगरेप की दूसरी बड़ी घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी और चिंता का माहौल है। घटना को लेकर सुरक्षा व्यवस्था और महिलाओं की सुरक्षा पर भी सवाल उठ रहे हैं।

मामले की गंभीरता को देखते हुए उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य प्रतिभा कुशवाहा भी चित्रकूट पहुंचीं। उन्होंने पुलिस अधिकारियों और जांच अधिकारियों के साथ बैठक कर मामले की प्रगति की समीक्षा की और त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here