सत्य के साथ • आपके साथशनिवार, 7 नवंबर 2026
ADVERTISEMENTविज्ञापन के लिए संपर्क करेंCPN NEWS • YOUR BRAND HERE
ताज़ा खबर
Food Adulteration: मिलावटखोरों पर कार्रवाई से त्योहारों में जनता को मिलेगा शुद्ध खाद्य पदार्थों का भरोसा : विनीत जैनSolar Energy: दिल्ली की हर छत को सौर ऊर्जा से जोड़ने की पहल सराहनीय : राजकुमार बल्लनDelhi Laxmi Yojana: इस बार भी दीपावली पर महिलाओं के खातों में नहीं आए पैसे, मुफ्त रसोई गैस सिलेंडर भी नहीं मिला : नीलम चौधरीMumbai Building Fire: घाटकोपर की 25 मंजिला इमारत की 23वीं मंजिल पर लगी आग, एक व्यक्ति के झुलसने की खबरVaibhav Sooryavanshi Bihar Captain: वैभव सूर्यवंशी को मिली बिहार की कप्तानी, सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के शुरुआती दो मैचों में संभालेंगे कमानDhanteras Gold Silver Sales: धनतेरस पर 66 हजार करोड़ रुपये की बिक्री का अनुमान, महंगे सोने के बीच हल्के गहनों और सिक्कों की बढ़ी मांगBahraich Smack Seizure: भारत-नेपाल सीमा पर 41 ग्राम स्मैक के साथ आरोपी गिरफ्तार, अंतरराष्ट्रीय बाजार में 15 लाख रुपये बताई गई कीमतCBSE Date Sheet 2027: सीबीएसई की 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं की डेटशीट जारी, 16 फरवरी से शुरू होंगे एग्जाम

Mumbai Rain: भारी बारिश से 5 मौतें, मैनहोल हादसे पर विधानसभा में हंगामा, दोषियों पर कार्रवाई के आदेश

4 मिनट पढ़ें

Mumbai Rain: भारी बारिश से 5 मौतें, मैनहोल हादसे पर विधानसभा में हंगामा, दोषियों पर कार्रवाई के आदेश

मुंबई। महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में पिछले 48 घंटों से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। भारी बारिश के बीच हुए कई हादसों में अब तक पांच लोगों की मौत हो चुकी है। इनमें तीन मौतें मुंबई और दो नवी मुंबई में हुई हैं। लगातार हो रहे हादसों के बीच साकीनाका के चांदिवली इलाके में खुले मैनहोल में गिरकर 60 वर्षीय असलम शेख की मौत का मामला राजनीतिक विवाद का कारण बन गया है। इस मुद्दे को लेकर महाराष्ट्र विधानसभा में सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस देखने को मिली।

दो दिन पहले चेंबूर में एक स्कूल वैन पर पेड़ गिरने से एक छात्र की मौत हुई थी। यह मामला अभी शांत भी नहीं हुआ था कि चांदिवली में खुले मैनहोल में गिरने से एक बुजुर्ग की मौत ने प्रशासन की तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए। विपक्ष ने इस घटना को प्रशासनिक लापरवाही बताते हुए सरकार और बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) को कठघरे में खड़ा किया।

मामला विधानसभा में उठने के बाद विधानसभा अध्यक्ष ने पूरे घटनाक्रम की विस्तृत रिपोर्ट शाम तक पेश करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जांच में जो भी अधिकारी या कर्मचारी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ गैर-इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया जाए। राज्य सरकार ने भी घटना की विस्तृत जांच के आदेश जारी कर दिए हैं।

कांग्रेस नेता नाना पटोले ने सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि सरकार प्रशासन चलाने के बजाय राजनीतिक जोड़-तोड़ में व्यस्त है। उन्होंने कहा कि मुंबई में लगातार लोगों की जान जा रही है, लेकिन सरकार व्यवस्था सुधारने के बजाय राजनीतिक गतिविधियों में लगी हुई है। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर और कितनी जानें जाने के बाद सरकार जागेगी।

पूर्व मंत्री और कांग्रेस नेता असलम शेख ने भी सरकार और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि पहले चेंबूर में एक मासूम छात्र की मौत हुई और अब साकीनाका में एक बुजुर्ग खुले मैनहोल में गिरकर जान गंवा बैठे। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। उनके अनुसार इन घटनाओं के लिए सरकार, बीएमसी और प्रशासन की लापरवाही जिम्मेदार है।

चांदिवली से शिवसेना (शिंदे गुट) के विधायक दिलीप लांडे ने कहा कि मृतक असलम शेख मैनहोल में गिर गए थे और बाद में उनका शव दूसरे मैनहोल से बरामद हुआ। उन्होंने कहा कि यह केवल दुर्घटना है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है, इसकी भी जांच होनी चाहिए। उन्होंने मांग की कि सीसीटीवी फुटेज की जांच कर यह पता लगाया जाए कि मैनहोल का ढक्कन खुला था या किसी ने उसे जानबूझकर हटाया था।

एनसीपी (अजित पवार गुट) के प्रदेश अध्यक्ष और सांसद सुनील तटकरे ने घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि अत्यधिक बारिश के बावजूद प्रशासन की जिम्मेदारी नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि सरकार ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए हैं और जो भी दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

बीजेपी मुंबई अध्यक्ष अमित सातम ने भी विधानसभा में यह मुद्दा उठाते हुए दोषी अधिकारियों के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज करने की मांग की। वहीं बीजेपी विधायक राम कदम ने कहा कि ऐसी घटनाएं बेहद दुर्भाग्यपूर्ण हैं और प्रशासन की लापरवाही किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार स्वयं दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के पक्ष में है।

इस बीच मौसम विभाग ने बताया है कि पिछले 24 घंटों में मुंबई शहर और उपनगरों में 150 मिलीमीटर से अधिक बारिश दर्ज की गई है। अगले 24 घंटों के लिए मुंबई, ठाणे और आसपास के इलाकों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने, जलभराव वाले क्षेत्रों से बचने और आवश्यक होने पर ही घरों से बाहर निकलने की अपील की है। लगातार बारिश के बीच नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रशासन के सामने सबसे बड़ी चुनौती बनी हुई है।

इस खबर पर आपकी प्रतिक्रिया?

आपकी राय

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *