
Ravindra Jadeja: न्यूजीलैंड की हरी पिच पर जडेजा का चुटीला तंज, बोले- इतनी घास तो मेरे घोड़े भी नहीं खाते
न्यूजीलैंड के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज की तैयारी में जुटी भारतीय टीम के अनुभवी ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा ने नेट्स सेशन का एक मजेदार वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया है। यह वीडियो और उसके साथ लिखा गया कैप्शन इंटरनेट पर खूब सुर्खियां बटोर रहा है।
जडेजा ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर रील पोस्ट करते हुए कीवी पिच पर मौजूद घनी हरी घास पर चुटकी ली। उन्होंने लिखा, ‘इतनी घास तो मेरे घोड़े भी नहीं खाते जितनी पिच पर है!’ उनके इस देसी अंदाज पर क्रिकेट प्रेमी जमकर प्रतिक्रिया दे रहे हैं।
जडेजा का घोड़ों और घुड़सवारी से गहरा लगाव जगजाहिर है। अपने फार्महाउस के घोड़ों का जिक्र कर उन्होंने न्यूजीलैंड की पिच के मिजाज को बेहद हल्के-फुल्के तरीके से बयां कर दिया।
न्यूजीलैंड में आमतौर पर ज्यादा घास वाली ग्रीन टॉप पिचें तैयार की जाती हैं। दोनों देशों के बीच पहला टेस्ट 19 नवंबर से वेलिंगटन के ऐतिहासिक बेसिन रिजर्व में खेला जाना है और वहां भी ऐसी ही पिच मिलने की उम्मीद है।

जानकारी के मुताबिक, मुकाबले के पहले दिन पिच पर करीब 15 मिलीमीटर घास छोड़ी जाएगी। ऐसे हालात में जडेजा जैसे स्पिनरों के लिए गेंद को घुमाना और विकेट चटकाना बड़ी चुनौती माना जाता है, फिर भी वे नेट्स में कड़ी मेहनत कर खुद को इन परिस्थितियों के मुताबिक ढाल रहे हैं।
यह दौरा जडेजा के करियर के लिहाज से काफी अहम माना जा रहा है। हाल के दिनों में उनका प्रदर्शन फीका रहा है और वनडे टीम से भी उनकी छुट्टी हो चुकी है।
श्रीलंका में खेली गई पिछली टेस्ट सीरीज में जडेजा चार पारियों में सिर्फ आठ विकेट ही ले पाए थे। ऐसे में टेस्ट टीम में अपनी जगह बचाए रखने के लिए उन पर कीवी धरती पर दमदार खेल दिखाने का दबाव रहेगा।





आपकी राय