
Kannauj Double Murder: रेलवे टिकट विक्रेता और पत्नी के कत्ल का आरोपी मुठभेड़ में घायल होकर पकड़ा गया, पूछताछ में किए घिनौने खुलासे
उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले में गुरसहायगंज कोतवाली क्षेत्र के एक पुराने सरकारी आवास में हुए दोहरे हत्याकांड की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। 4 और 5 नवंबर की दरमियानी रात यहां रेलवे टिकट विक्रेता 35 वर्षीय संजीव कठेरिया और उनकी 32 वर्षीय पत्नी शिखा की बेरहमी से हत्या कर दी गई थी।
पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि आरोपी योगेश राजपूत उर्फ पंगा चोरी करने की नीयत से घर में दाखिल हुआ था। पकड़े जाने के डर से उसने दंपती को मौत के घाट उतार दिया। पुलिस ने मुठभेड़ के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया है और उसके पास से एक अवैध तमंचा तथा कारतूस बरामद किए गए हैं।
पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि वह अक्सर स्टेशन के आसपास घूमता रहता था और संजीव को टिकट बिक्री की रकम ले जाते देखता था। इसी रकम के लालच में वह वारदात की रात पीएचसी के पुराने आवास का तिरपाल फाड़कर अंदर घुस गया।
संजीव के जाग जाने पर आरोपी ने डंडे से वार कर उनकी जान ले ली। शिखा के शोर मचाने पर उसने उनका मोबाइल छीनकर बंद कर दिया और उन्हीं के दुपट्टे से गला घोंटकर उनकी भी हत्या कर दी। इस हमले में दंपती की दो साल की बेटी तान्या भी घायल हो गई।

पुलिस के अनुसार, आरोपी ने यह भी स्वीकार किया कि महिला की हत्या के बाद उसने शव के साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद वह पर्स में रखे लगभग पांच हजार रुपये और संजीव का एटीएम कार्ड लेकर भाग निकला।
वारदात की रात फील्ड यूनिट और डॉग स्क्वायड ने घटनास्थल से सबूत इकट्ठा किए थे। इसके बाद एसओजी और सर्विलांस टीम आरोपी की तलाश में लगी रहीं। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर उसकी पहचान हुई।
पुलिस ने कसारी जंगल के पास घेराबंदी की तो आरोपी ने टीम पर गोली चला दी। जवाबी कार्रवाई में उसके दोनों पैरों में गोली लगी और वह घायल होकर पकड़ा गया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ तालग्राम थाने में पहले से नौ आपराधिक मामले दर्ज हैं। अब इस दोहरे हत्याकांड में उसके विरुद्ध आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।





आपकी राय