
UP Election 2027 Seat Sharing: सपा-कांग्रेस गठबंधन में सीट बंटवारे की बातचीत की अगुवाई करेंगी प्रियंका गांधी, दिसंबर के पहले हफ्ते से कांग्रेस का चुनावी अभियान
आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए समाजवादी पार्टी के साथ सीट बंटवारे की बातचीत की अगुवाई कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा करेंगी। अगले साल की शुरुआत में होने वाले इन चुनावों की तैयारियों को लेकर दिल्ली के 10, राजाजी मार्ग पर उत्तर प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं की एक अहम बैठक हुई, जिसमें यह रणनीति तय की गई।
एनडीटीवी की रिपोर्ट के हवाले से बताया गया है कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और राहुल गांधी ने यूपी प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम और प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष व सांसद इमरान मसूद को सख्त निर्देश दिए हैं कि वे मीडिया में गठबंधन के सहयोगी दलों को लेकर किसी भी तरह की गैर-जरूरी बयानबाजी से बचें।
बैठक के बाद मल्लिकार्जुन खरगे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि उत्तर प्रदेश में लगातार दो बार से सत्ता में काबिज भाजपा सरकार से लोग बदलाव चाहते हैं। उन्होंने कहा कि राज्य की जनता सामाजिक न्याय, समान अवसर और वंचित वर्गों के अधिकारों की मजबूत सुरक्षा की उम्मीद कर रही है और आगामी चुनाव देश की राजनीति को नई दिशा देंगे।
कांग्रेस सांसद केसी वेणुगोपाल ने 2024 के लोकसभा चुनाव के नतीजों का हवाला दिया, जिसमें उत्तर प्रदेश में सपा ने 37 सीटें जीती थीं और भाजपा 33 पर सिमट गई थी। वेणुगोपाल ने एक्स पर लिखा कि इंडिया गठबंधन के सहयोगियों के साथ मिलकर वे 2024 की तरह विधानसभा चुनाव में भी भाजपा की हार सुनिश्चित करेंगे।

सांसद इमरान मसूद ने बताया कि कांग्रेस का चुनावी अभियान दिसंबर के पहले हफ्ते में शुरू होगा, जिसमें खुद मल्लिकार्जुन खरगे रैलियां और यात्राएं करेंगे। उन्होंने कहा, “आज यह एक संगठनात्मक बैठक थी। इंडिया गठबंधन में मुद्दा सीटों की संख्या का नहीं, बल्कि एक साथ मिलकर जीतने का है।”
दूसरी ओर, सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोमवार को कहा कि इंडिया गठबंधन में सीट बंटवारे पर औपचारिक बातचीत अभी शुरू नहीं हुई है, लेकिन गठबंधन एकजुट होकर चुनाव लड़ेगा। उन्होंने पत्रकारों से कहा, “सीट बंटवारे पर अभी बात नहीं हुई है। इंडिया गठबंधन साथ मिलकर लड़ेगा। एक-दूसरे का सम्मान करते हुए हम सीटों का समायोजन करेंगे और सबसे मजबूत उम्मीदवार चुनाव लड़ेंगे।”
इस बीच यूपी की सियासत में तीसरे मोर्चे की हलचल भी तेज हो गई है। बीते गुरुवार को AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के प्रमुख चंद्रशेखर आजाद ने मिलकर ‘सामाजिक परिवर्तन मोर्चा’ नाम से नए गठबंधन का ऐलान किया। इस मोर्चे ने चंद्रशेखर आजाद को मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित किया है और सभी 403 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने का ऐलान किया है।





आपकी राय