Red Fort Security Breach: लाल किले में घुसपैठ की कोशिश नाकाम, स्वतंत्रता दिवस से पहले पांच अवैध बांग्लादेशी नागरिक गिरफ्तार

0
29

Red Fort Security Breach: लाल किले में घुसपैठ की कोशिश नाकाम, स्वतंत्रता दिवस से पहले पांच अवैध बांग्लादेशी नागरिक गिरफ्तार

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में स्वतंत्रता दिवस से पहले सुरक्षा व्यवस्था को लेकर हाई अलर्ट जारी है और इसी सतर्कता के चलते दिल्ली पुलिस ने एक बड़ी चूक को टाल दिया है। रविवार को लाल किले में जबरन घुसने की कोशिश कर रहे पांच संदिग्ध बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार कर लिया गया। यह घटना तब सामने आई जब सुरक्षा बलों ने चेकिंग के दौरान इन लोगों को रोका और उनसे पूछताछ की गई।

दिल्ली पुलिस की ओर से मिली जानकारी के अनुसार, लाल किले पर 15 अगस्त को होने वाले स्वतंत्रता दिवस समारोह के मद्देनज़र सुरक्षा के बहुस्तरीय और बेहद कड़े इंतज़ाम किए गए हैं। केवल अधिकृत आईडी और वैध अनुमति रखने वाले व्यक्तियों को ही लाल किले के आस-पास जाने की अनुमति है। इसी व्यवस्था के तहत चेकिंग के दौरान ये पांच व्यक्ति संदेहास्पद स्थिति में पाए गए।

डीसीपी नॉर्थ दिल्ली राजा बांठिया ने बताया कि जब इन लोगों को रोका गया और पूछताछ की गई, तो उनके पास किसी प्रकार के वैध पहचान पत्र या अनुमति पत्र नहीं थे। आगे जांच में सामने आया कि ये सभी बांग्लादेश के नागरिक हैं, जो अवैध रूप से भारत में प्रवेश कर दिल्ली में रह रहे थे। उनके पास से बांग्लादेश से जुड़े कुछ दस्तावेज भी बरामद किए गए हैं, जिससे उनकी नागरिकता की पुष्टि हुई है।

पुलिस सूत्रों का कहना है कि गिरफ्तार किए गए सभी आरोपी राजधानी के सरोजिनी नगर इलाके में मजदूरी का काम कर रहे थे और पिछले कुछ महीनों से भारत में अवैध रूप से रह रहे थे। यह भी आशंका जताई जा रही है कि इनकी गतिविधियां संदिग्ध रही हैं और जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि कहीं इनके भारत आने के पीछे किसी बड़े मकसद की योजना तो नहीं थी।

घटना के बाद दिल्ली पुलिस, खुफिया एजेंसियां, और सुरक्षा बलों ने लाल किले के आसपास के पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत कर दिया है। जगह-जगह अतिरिक्त जवानों की तैनाती की गई है, चेकिंग अभियान तेज कर दिया गया है और ड्रोन की मदद से निगरानी रखी जा रही है।

पांचों गिरफ्तार बांग्लादेशी नागरिकों से गहन पूछताछ की जा रही है। यदि पूछताछ में किसी साजिश या नेटवर्क का खुलासा होता है तो आगे और गिरफ्तारियां भी हो सकती हैं। इस पूरे मामले में विदेशी नागरिक अधिनियम और अन्य धाराओं के तहत केस दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here