Delhi: अभिनेता प्रशांत तमांग की मौत, पोस्टमार्टम रिपोर्ट के इंतजार में दिल्ली पुलिस
इंडियन आइडल सीजन 3 के विजेता और अभिनेता प्रशांत तमांग का 43 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। दिल्ली स्थित उनके आवास पर अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शुरुआती जानकारी के अनुसार, प्रशांत तमांग को स्ट्रोक आने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि मौत के सही कारणों की पुष्टि अभी नहीं हो सकी है।
दिल्ली पुलिस के मुताबिक, तबीयत बिगड़ने पर प्रशांत तमांग की पत्नी उन्हें इलाज के लिए माता चानन देवी अस्पताल लेकर पहुंचीं। अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस संबंध में दक्षिण-पश्चिमी दिल्ली के अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त अभिमन्यु पोसवाल ने बताया कि पुलिस को तड़के करीब 3 बजकर 10 मिनट पर अस्पताल से एक एमएलसी प्राप्त हुई थी। इसमें रघु नगर निवासी प्रशांत तमांग को मृत घोषित किए जाने की जानकारी दी गई थी।
सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी। एक इन्वेस्टिगेशन ऑफिसर अस्पताल पहुंचा और एमएलसी से जुड़ी सभी औपचारिकताएं पूरी की गईं। इसके साथ ही क्राइम टीम और एफएसएल की टीम को भी प्रशांत तमांग के आवास पर भेजा गया, जहां टीमों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस का कहना है कि फिलहाल किसी भी तरह की संदिग्ध परिस्थिति सामने नहीं आई है, लेकिन हर पहलू से जांच की जा रही है।
प्रशांत तमांग के शव को पोस्टमार्टम के लिए दीन दयाल उपाध्याय (डीडीयू) अस्पताल भेज दिया गया है। दिल्ली पुलिस ने साफ किया है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों पर कोई आधिकारिक बयान दिया जाएगा। पुलिस का कहना है कि रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई और निष्कर्ष तय किए जाएंगे।
प्रशांत तमांग के निधन की खबर सामने आते ही उनके प्रशंसकों और संगीत जगत में शोक की लहर दौड़ गई है। इंडियन आइडल के जरिए उन्होंने देशभर में पहचान बनाई थी और अपनी सादगी व आवाज के लिए जाने जाते थे। उनके असामयिक निधन ने हर किसी को स्तब्ध कर दिया है।



