GT Road Glass Pieces: शाहदरा में कांवड़ यात्रा मार्ग पर बिखे कांच के टुकड़े, माहौल बिगाड़ने की साजिश का आरोप, BJP विधायक और मंत्री ने जताई सख्त कार्रवाई की मांग
दिल्ली के शाहदरा इलाके में उस समय हड़कंप मच गया जब कांवड़ यात्रा मार्ग पर करीब एक किलोमीटर तक टूटे हुए कांच के टुकड़े बिखरे हुए मिले। यह इलाका जीटी रोड के पास स्थित है, जहां बड़ी संख्या में शिवभक्त कांवड़ यात्रा के दौरान गुजरते हैं। स्थानीय भाजपा विधायक संजय गोयल ने इस घटना को जानबूझकर रची गई साजिश करार देते हुए कहा कि यह कांवड़ यात्रा को बाधित करने की कोशिश है।
घटना की जानकारी मिलते ही विधायक संजय गोयल देर रात मौके पर पहुंचे और स्वयं कांच के टुकड़े हटाने में लगे रहे। उन्होंने वीडियो जारी कर कहा कि जब दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और मंत्री कपिल मिश्रा शिवभक्तों के स्वागत की तैयारियों में लगे हैं, तब कुछ असामाजिक तत्व फूलों की जगह कांच बिछाकर माहौल बिगाड़ना चाहते हैं।
विधायक संजय गोयल ने आरोप लगाया कि यह एक सुनियोजित षड्यंत्र हो सकता है ताकि शिवभक्तों को घायल किया जा सके और कांवड़ यात्रा को बदनाम किया जा सके। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार इस पर कड़ा एक्शन लेगी और संबंधित विभागों को निर्देश दे दिए गए हैं कि दोषियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाए।
दिल्ली के कैबिनेट मंत्री कपिल मिश्रा ने भी इस घटना पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने शनिवार रात सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए लिखा, “दिल्ली के शाहदरा में कुछ शरारती तत्वों ने कांवड़ यात्रा मार्ग पर कांच के टुकड़े बिखेरे। यह लगभग एक किलोमीटर तक फैले हुए थे। पीडब्ल्यूडी और नगर निगम की टीमों ने तत्काल सफाई शुरू कर दी है। स्थानीय विधायक संजय गोयल मौके पर मौजूद हैं और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने स्वयं इसका संज्ञान लिया है।”
मंत्री कपिल मिश्रा ने कहा कि दिल्ली सरकार की ओर से पूरी कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने की योजना बनाई गई है। ऐसे में किसी भी प्रकार की शरारत को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और कानून व्यवस्था को बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल प्रशासन इस पूरे मामले की जांच में जुट गया है। सीसीटीवी फुटेज और चश्मदीदों से जानकारी जुटाई जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि आखिर यह कांच के टुकड़े किसने और कब बिखेरे।
घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस की तैनाती बढ़ा दी गई है और लगातार गश्त की जा रही है ताकि कांवड़ यात्रा में किसी तरह का व्यवधान न आए।



