
IndiGo Bomb Threat: कन्नूर से आ रही इंडिगो फ्लाइट में बम की धमकी, नोट पर लिखा था ‘पुलवामा अटैक’, हैदराबाद में इमरजेंसी लैंडिंग
इंडिगो एयरलाइंस की उड़ानों में बम की धमकी मिलने का सिलसिला थमता नजर नहीं आ रहा है। शुक्रवार को हैदराबाद से चेन्नई जा रही फ्लाइट में धमकी मिलने के ठीक एक दिन बाद, शनिवार 14 नवंबर को इंडिगो के एक और विमान को इसी तरह निशाना बनाया गया। केरल के कन्नूर से आ रही इंडिगो फ्लाइट के वॉशरूम में बम होने का धमकी भरा नोट मिलने से यात्रियों में हड़कंप मच गया, जिसके बाद हैदराबाद के शमशाबाद एयरपोर्ट पर विमान की इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार, यह घटना शनिवार सुबह करीब 10:40 बजे की है, जब इंडिगो की फ्लाइट 6E-244 कन्नूर से उड़ान भरकर आ रही थी। उड़ान के दौरान शौचालय के पास नियमित सुरक्षा जांच करते समय केबिन क्रू को कागज का एक टुकड़ा मिला, जिसमें विमान में बम होने का दावा किया गया था।
नोट पर अंग्रेजी में लिखा था- “BOMB BLAST 2 HRS, ONE VIDEO RELEASE, PULWAMA ATTACK, BLAST- 14.11.2026″। इसका आशय था कि दो घंटे में बम विस्फोट होगा, एक वीडियो जारी किया जाएगा, पुलवामा हमला, विस्फोट की तारीख 14.11.2026। उल्लेखनीय है कि पुलवामा हमला 14 फरवरी 2019 को हुआ था।

धमकी भरे नोट की जानकारी मिलते ही पायलट ने तत्परता दिखाते हुए एयर ट्रैफिक कंट्रोल को सूचित किया और शमशाबाद एयरपोर्ट पर विमान की सुरक्षित इमरजेंसी लैंडिंग कराई। विमान के रनवे पर उतरते ही सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इसके बाद बम निरोधक दस्ते और सीआईएसएफ ने विमान को घेरे में लेकर गहन तलाशी ली। मिली जानकारी के अनुसार, विमान में कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला।
गौरतलब है कि लगातार दूसरे दिन इंडिगो के विमान को इस तरह की धमकी मिली है। इससे एक दिन पहले शुक्रवार, 13 नवंबर को हैदराबाद से चेन्नई जा रही इंडिगो फ्लाइट में करीब 32,000 फीट की ऊंचाई पर शौचालय के शीशे पर चिपका एक टिश्यू पेपर मिला था, जिस पर “BOOM-1.50 PM” लिखा हुआ था। उस विमान में 192 यात्री और 6 क्रू सदस्य समेत कुल 198 लोग सवार थे।
उस मामले में चेन्नई एयरपोर्ट पर विमान की सुरक्षित लैंडिंग कराकर उसे आइसोलेशन बे में ले जाया गया था और घंटों चली तलाशी के बाद धमकी अफवाह निकली थी। लगातार दो दिनों में एक ही तरीके से विमानों के शौचालय में मिली इन धमकियों ने विमानन सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है।





आपकी राय