
नई दिल्ली (स्पर्श भारद्वाज): भारतीय जनता पार्टी जनता से किए गए वादों को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है और दिल्ली में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व वाली सरकार अपने चुनावी वादों को एक-एक करके पूरा कर रही है। यह कहना है भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश मंत्री गुरमीत सिंह सूरा का। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव के दौरान भाजपा ने जनता से जो वादे किए थे, उन्हें पूरा करने की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है। उनके अनुसार, यमुना की सफाई, कूड़े के पहाड़ों को कम करने और शहर की सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने जैसे मुद्दों पर सरकार ने कदम उठाए हैं। महिलाओं को हर महीने ढाई हजार रुपये देने की योजना पर भी तेजी से काम किया जा रहा है। इसके अलावा शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार के लिए भी सरकार प्रयासरत है।
गुरमीत सिंह सूरा ने कहा कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंगलवार को करीब 15 लाख लाभार्थियों को मुफ्त रसोई गैस सिलेंडर योजना की दूसरी किस्त वितरित की। उन्होंने बताया कि दिल्ली सरकार ने इस वर्ष की शुरुआत में घोषणा की थी कि राजधानी के पात्र परिवारों को हर साल होली और दिवाली के अवसर पर एक मुफ्त एलपीजी सिलेंडर के बराबर धनराशि दी जाएगी। इसी घोषणा के तहत लाभार्थियों के बैंक खातों में सीधे आर्थिक सहायता पहुंचाई जा रही है। उन्होंने कहा कि यह योजना त्योहारों के दौरान परिवारों को राहत देने और रसोई गैस के खर्च का बोझ कम करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने तालकटोरा स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि यह जनता के वोट की ताकत है, जिसके माध्यम से सहायता राशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में पहुंचाई जा रही है। उन्होंने भाई दूज के अवसर पर इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से बहनों के लिए उपहार बताया। गुरमीत सिंह सूरा ने कहा कि सरकार की इस पहल से बड़ी संख्या में परिवारों को सीधा आर्थिक लाभ मिल रहा है और योजना का लाभ बिना किसी बिचौलिए के प्रत्यक्ष नकद अंतरण के माध्यम से दिया जा रहा है।
गुरमीत सिंह सूरा के मुताबिक, दिल्ली सरकार ने करीब 15 लाख राशन कार्ड धारक परिवारों के खातों में कुल 142 करोड़ रुपये की राशि हस्तांतरित की है। इसमें प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के करीब 1.25 लाख परिवारों को प्रति परिवार 642 रुपये और गैर-पीएमयूवाई श्रेणी के लगभग 14.21 लाख परिवारों को प्रति परिवार 942 रुपये दिए गए हैं। यह राशि एलपीजी सिलेंडर की प्रचलित कीमत के बराबर निर्धारित सहायता के रूप में पात्र परिवारों तक पहुंचाई जा रही है। योजना के तहत लाभार्थी परिवार के मुखिया के आधार से जुड़े बैंक खाते में सीधे धनराशि भेजी जाती है।

भाजपा प्रदेश मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की सरकार महिलाओं और परिवारों को आर्थिक रूप से सहयोग देने के उद्देश्य से कई कल्याणकारी योजनाओं पर काम कर रही है। इनमें दिल्ली लक्ष्मी योजना, लखपति योजना और मुफ्त एलपीजी सिलेंडर योजना शामिल हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि होली और दिवाली जैसे त्योहारों के अवसर पर परिवारों को अतिरिक्त आर्थिक सहायता मिले, ताकि घरेलू खर्च का बोझ कुछ कम हो सके और वे त्योहार बेहतर तरीके से मना सकें।
गुरमीत सिंह सूरा ने कहा कि भाजपा अपने घोषणापत्र में किए गए वादों को पूरा करने की दिशा में आगे बढ़ रही है। उन्होंने जनता से सरकार पर भरोसा बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि सरकार अच्छे और बुरे, दोनों समय में लोगों के साथ खड़ी है। उन्होंने मुफ्त रसोई गैस सिलेंडर योजना की दूसरी किस्त जारी किए जाने को चुनावी वादे को पूरा करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताते हुए कहा कि इससे लाखों पात्र परिवारों को सीधा लाभ मिलेगा।





आपकी राय