Delhi Temple Murder: दिल्ली के मंदिर में घुसकर पुजारी की पत्नी की हत्या, बचाव करने आई महिला पर भी जानलेवा हमला
नई दिल्ली के शाहदरा जिले के मानसरोवर पार्क इलाके में स्थित श्री ज्वाला मंदिर में रविवार दोपहर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब दिनदहाड़े मंदिर में घुसे बदमाशों ने पुजारी की पत्नी पर धारदार हथियार से हमला कर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी। इस दिल दहला देने वाली घटना के दौरान मंदिर में पूजा कर रही एक अन्य महिला ने जब बीच-बचाव की कोशिश की तो आरोपियों ने उस पर भी हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल महिला को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है, जबकि पुजारी की पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही मानसरोवर पार्क थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मंदिर परिसर को घेर लिया गया। पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर जीटीबी अस्पताल की मोर्चरी में पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए हत्या और हत्या के प्रयास की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कुछ अज्ञात लोग मंदिर में आए थे और उन्होंने पुजारी की पत्नी से पुजारी के बारे में जानकारी ली। महिला ने बताया कि पुजारी उस समय पूजा के सिलसिले में बाहर गए हुए हैं। इसी बातचीत के दौरान अचानक आरोपियों ने धारदार हथियार निकालकर महिला पर हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले से मंदिर परिसर में अफरा-तफरी मच गई। शोर सुनकर वहां मौजूद एक अन्य महिला मदद के लिए आगे आई, लेकिन हमलावरों ने उस पर भी हमला कर दिया और दोनों महिलाओं को लहूलुहान हालत में छोड़कर मौके से फरार हो गए।
डीसीपी प्रशांत गौतम ने बताया कि पुलिस ने मौके पर क्राइम टीम और फोरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य एकत्र किए हैं। मंदिर के अंदर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके और उनके फरार होने की दिशा का पता लगाया जा सके। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि वारदात के पीछे पुरानी रंजिश है या कोई अन्य आपराधिक कारण।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हमला इतना अचानक और खौफनाक था कि किसी को संभलने का मौका ही नहीं मिला। मंदिर जैसे पवित्र स्थान में हुई इस वारदात से श्रद्धालुओं में डर का माहौल है। पुलिस ने इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी है और आश्वासन दिया है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस घटना ने एक बार फिर राजधानी दिल्ली में कानून-व्यवस्था और मंदिरों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।


