Delhi PWD Project: दिल्ली सरकार की स्मार्ट एलईडी स्ट्रीट लाइट,परियोजना का प्रवेश शर्मा ने किया स्वागत
महिलाओं की सुरक्षा को मिलेगा बल
नई दिल्ली, (रविंद्र कुमार ): मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की अध्यक्षता में आयोजित व्यय वित्त समिति (ईएफसी) की बैठक में लगभग 473.24 करोड़ रुपये की इस परियोजना को मंजूरी दी गई है। इसके तहत लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की सड़कों पर लगी करीब 96 हजार स्ट्रीट लाइटों को स्मार्ट एलईडी तकनीक से बदला जाएगा।दिल्ली सरकार द्वारा राजधानी की सभी स्ट्रीट लाइटों को स्मार्ट एलईडी प्रणाली में बदलने की महत्वाकांक्षी परियोजना को मंजूरी दिए जाने का भाजपा नेता एवं पूर्व स्थायी समिति चेयरमैन प्रवेश शर्मा ने स्वागत किया है। उन्होंने इसे दिल्ली को आधुनिक, सुरक्षित और ऊर्जा दक्ष राजधानी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया। प्रवेश शर्मा ने कहा कि लंबे समय से राजधानी में खराब स्ट्रीट लाइटों, असमान रोशनी और बिजली की अधिक खपत जैसी समस्याएं सामने आ रही थीं। स्मार्ट एलईडी प्रणाली लागू होने से इन समस्याओं का स्थायी समाधान होगा। उन्होंने कहा कि नई तकनीक के माध्यम से प्रत्येक स्ट्रीट लाइट की रियल टाइम मॉनिटरिंग संभव हो सकेगी, जिससे खराब लाइटों को तुरंत ठीक किया जा सकेगा। बेहतर प्रकाश व्यवस्था से महिलाओं की सुरक्षा को मजबूती मिलेगी तथा सड़क दुर्घटनाओं में भी कमी आएगी। राजधानी की प्रमुख सड़कों और सार्वजनिक क्षेत्रों में पर्याप्त रोशनी नागरिकों के लिए सुरक्षित वातावरण तैयार करेगी। प्रवेश शर्मा ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के इस निर्णय की सराहना करते हुए कहा कि दिल्ली सरकार आधुनिक तकनीक और जन सुविधाओं को प्राथमिकता देते हुए विकास कार्यों को आगे बढ़ा रही है। उन्होंने कहा कि ऊर्जा बचत के लिहाज से भी यह परियोजना बेहद महत्वपूर्ण साबित होगी, क्योंकि सरकार के अनुसार इससे हर वर्ष लगभग 25 करोड़ रुपये की बिजली की बचत होने का अनुमान है। उन्होंने कहा कि स्मार्ट एलईडी प्रणाली से न केवल बिजली खर्च में कमी आएगी, बल्कि रखरखाव व्यवस्था भी अधिक प्रभावी और पारदर्शी बनेगी। दिल्ली को विश्व स्तरीय आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में यह परियोजना मील का पत्थर साबित होगी।



