Delhi School Bomb Threat: दिल्ली के कई स्कूलों को बम धमकी, पुलिस ने शुरू की कड़ी जांच
दिल्ली में शुक्रवार को कई स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने की खबर सामने आई, जिससे शहर में सुरक्षा अलर्ट जारी कर दिया गया। धमकी भरे संदेश मिलने के तुरंत बाद संबंधित स्कूल प्रशासन ने पुलिस को सूचित किया, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियों ने तेजी से कार्रवाई शुरू की। धमकी मिलने वाले स्कूलों में झंडेवाला स्थित बीटी तमिल स्कूल, एसपीवी स्कूल और ब्रिटिश स्कूल शामिल हैं।
पुलिस की टीमें तुरंत घटनास्थल पर पहुंचीं और स्कूल परिसरों को सुरक्षा घेरे में ले लिया। जांच के दौरान बम निरोधक दस्ते (Bomb Disposal Squad) और डॉग स्क्वॉड की टीमों ने स्कूल के कक्षाओं, पार्किंग क्षेत्रों और आसपास के इलाकों की बारीकी से तलाशी ली। प्रशासन और पुलिस का कहना है कि यह जांच पूरी तरह सतर्कता के साथ की जा रही है ताकि किसी भी प्रकार की अनहोनी से बचा जा सके।
दिल्ली में हाल ही में यह घटना पहली बार नहीं हुई है। साउथ दिल्ली के कई स्कूलों को भी पहले बम धमकी मिली थी, जैसे लॉरेटो कान्वेंट स्कूल, केम्ब्रिज स्कूल श्रीनिवासन पूरी, वेयकेटेश्वर स्कूल रोहणी, केम्ब्रिज स्कूल NFC, इंडियन स्कूल सादिक नगर, CM श्री रोहणी, DTA स्कूल INA, बाल भारती स्कूल रोहणी, वनस्थली स्कूल और न्यू राजेंद्र नगर। इन स्कूलों में भी जांच के दौरान कोई संदिग्ध या विस्फोटक सामग्री नहीं मिली थी।
सिर्फ दिल्ली ही नहीं, देश के अन्य राज्यों में भी स्कूलों को बम धमकी मिली हैं। राजस्थान के जयपुर में मानसरोवर इलाके के मॉडर्न विद्यालय को बुधवार को बम धमकी वाला ईमेल मिला था। वहीं पंजाब के मोहाली में 16 निजी स्कूलों को धमकी भरे ईमेल के कारण खाली कराना पड़ा। हालांकि इन स्थानों पर भी किसी प्रकार का विस्फोटक नहीं पाया गया।
पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां इस मामले को गंभीरता से ले रही हैं और शहर के स्कूलों में सतर्कता बढ़ा दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि ऐसी घटनाओं में तुरंत सूचनाएं साझा करना और जांच शुरू करना बेहद जरूरी है ताकि बच्चों और स्कूल स्टाफ की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।



