Delhi Police Action: कृष्ण गहता गैंग का कुख्यात गुर्गा रविंद्र देसवाल फिल्मी अंदाज में गिरफ्तार
दिल्ली और हरियाणा में आतंक फैलाने वाले कुख्यात अंतरराज्यीय गैंगस्टर रविंद्र देसवाल उर्फ बोरी को दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने गुरुग्राम में गिरफ्तार कर लिया। रविंद्र देसवाल 20 से अधिक आपराधिक मामलों में वांछित था और दो साल से पुलिस की नजरों से बचता रहा। उसे द्वारका एक्सप्रेसवे टोल प्लाजा के पास एक रोमांचक फिल्मी अंदाज में दबोचा गया।
डीसीपी क्राइम ब्रांच हर्ष इंदोरा और एसीपी भगवती प्रसाद के निर्देशन में इंस्पेक्टर पवन कुमार की विशेष टीम ने यह कार्रवाई की। इस टीम में एसआई राजा राम, एएसआई रमेश, एएसआई राहुल कुमार, हेड कांस्टेबल अमित कुमार और कांस्टेबल अशोक शामिल थे। गुप्त सूचना के आधार पर पता चला कि रविंद्र अपनी लोकेशन बदल-बदल कर छिप रहा था और रिश्तेदारों के नाम पर मोबाइल फोन का इस्तेमाल कर रहा था।
पिछले चार हफ्तों में पुलिस ने गुरुग्राम, सोनीपत और रोहतक में लगभग 25 ठिकानों पर छापेमारी की और तकनीकी सर्विलांस का सहारा लिया। 24 जनवरी 2026 की शाम को आरोपी आर्टेमिस अस्पताल के पास देखा गया। जैसे ही पुलिस ने पीछा किया, रविंद्र भागने लगा, लेकिन द्वारका एक्सप्रेसवे टोल प्लाजा के पास उसे चारों तरफ से घेरकर गिरफ्तार कर लिया गया।
यह गिरफ्तारी ‘ऑपरेशन कवच’ के तहत दिल्ली पुलिस की बड़ी कामयाबी मानी जा रही है और कृष्ण गहता गैंग के अन्य सदस्यों को दबोचने की तैयारी जारी है।



