Delhi Governmen: दिल्ली सरकार की समयबद्ध सेवा वितरण व्यवस्था से मिलेगा सीधा लाभ : रोमेश चंद गुप्ता
नई दिल्ली ( शिवा कौशिक ) : दिल्ली में अब कोई व्यक्ति दुकान खोलना चाहता है तो वह एक दिन में ही पंजीकरण करा सकता है। इसी तरह से बिजली कनेक्शन, सीवेज कनेक्शन, होटल पंजीकरण और फिल्म शूटिंग की अनुमति के लिए कार्यालयों के बार बार चक्कर लगाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। दिल्ली सरकार ने इन्हें निर्धारित समय सीमा में उपलब्ध कराने का निर्णय लिया है। इसी विषय पर बात करते हुए भाजपा शाहदरा जिला महामंत्री रोमेश चंद्र गुप्ता ने कहा कि दिल्ली सरकार का यह फैसला बहुत शानदार है और इससे लोगों को बहुत लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार के इस निर्णय से आम नागरिकों के साथ साथ उद्योग, व्यापार, होटल, पर्यटन, निर्माण और सेवा क्षेत्र से जुड़े कारोबारियों व आम जन को सीधा सीधा लाभ मिलेगा। श्री गुप्ता ने बताया कि दिल्ली सरकार के इस फैसले से महत्वपूर्ण मामलों में अनुमति, लाइसेंस, पंजीकरण और अनापत्ति प्रमाणपत्र तय समय सीमा के भीतर जारी किए जाएंगे जिससे अनावश्यक देरी और कार्यालयों के बार बार चक्कर लगाने की समस्या में कमी आएगी।
उन्होंने बताया कि दिल्ली सरकार के इस फैसले से फिल्म शूटिंग की अनुमति 15 दिन के अंदर, बिजली मीटर से संबंधित आवेदन और कनेक्शन समझौते की प्रक्रिया 60 दिन के अंदर, दुकानों, औद्योगिक इकाइयों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में उपयोग होने वाले तौल माप उपकरणों का पंजीकरण का कार्य 45 दिन के अंदर, खाद्य व्यवसाय के लिए राज्य लाइसेंस के लिए स्थानीय निकाय का एनओसी 60 दिन के अंदर, मोबाइल टावर स्थापना की अनुमति 30 दिन के अंदर, होटल पंजीकरण या संचालन अनुमति 60 दिन के अंदर मिल जाएगी। श्री गुप्ता ने कहा कि दिल्ली सरकार लगातार ऐसे फैसले ले रही है जिनका दिल्ली की जनता को सीधे तौर पर लाभ मिल रहा है चाहे वह नमो ऑक्सीजन पार्क बनाने हो, जन कल्याण शिविर का आयोजन करना हो या समयबद्ध सेवा वितरण व्यवस्था हो। उन्होंने कहा कि दिल्ली की जनता की सेवा में दिल्ली सरकार पूरी तरह से लगी हुई है।



