Home दिल्ली-एनसीआर Delhi Car Death Mystery: ‘सुसाइड नहीं ये मर्डर है’, पीरागढ़ी फ्लाइओवर पर...

Delhi Car Death Mystery: ‘सुसाइड नहीं ये मर्डर है’, पीरागढ़ी फ्लाइओवर पर कार में मिली तीन लाशों से और उलझी गुत्थी

0
35

Delhi Car Death Mystery: ‘सुसाइड नहीं ये मर्डर है’, पीरागढ़ी फ्लाइओवर पर कार में मिली तीन लाशों से और उलझी गुत्थी

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के पीरागढ़ी फ्लाइओवर के पास खड़ी एक कार से तीन लोगों की लाशें मिलने के मामले में 18 घंटे बीत जाने के बाद भी सस्पेंस खत्म नहीं हो पाया है। उल्टा, जैसे-जैसे समय बीत रहा है, यह मामला और ज्यादा उलझता जा रहा है। एक तरफ दिल्ली पुलिस शुरुआती जांच के आधार पर इसे आत्महत्या यानी सुसाइड का मामला मान रही है, तो वहीं दूसरी ओर मृतक के परिजनों ने साफ तौर पर इसे हत्या करार दिया है। परिजनों के इस दावे के बाद अब यह सवाल और गहरा गया है कि आखिर कार के अंदर ऐसा क्या हुआ, जिससे तीन लोगों की एक साथ मौत हो गई।

दिल्ली पुलिस को रविवार दोपहर करीब 3 बजकर 50 मिनट पर पीरागढ़ी फ्लाइओवर के पास एक पीसीआर कॉल मिली थी। कॉल में बताया गया कि फ्लाइओवर के पास खड़ी एक सफेद टाटा कार के अंदर लोग बेहोश हालत में हैं। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने जब कार की जांच की, तो अंदर का नजारा बेहद भयावह था। कार के भीतर दो पुरुष और एक महिला मृत अवस्था में पाए गए। मृतकों की पहचान रणधीर (76), शिव नरेश (40) और लक्ष्मी देवी (40) के रूप में हुई। बताया जा रहा है कि रणधीर कार के मालिक थे, जबकि शिव नरेश उनके साथ प्रॉपर्टी का काम करता था।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, शुरुआती जांच में तीनों शवों पर किसी तरह की बाहरी चोट के निशान नहीं मिले हैं। इसी आधार पर पुलिस इस पूरे मामले को सुसाइड के एंगल से देख रही है। हालांकि, पुलिस का यह दावा मृतक शिव नरेश के परिवार को बिल्कुल भी स्वीकार नहीं है। शिव नरेश के भाई राम नरेश ने पुलिस के सुसाइड थ्योरी को सिरे से खारिज करते हुए कहा है कि यह आत्महत्या नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या है।

राम नरेश का कहना है कि उनके भाई को किसी ने फोन करके बुलाया था और उसका हेलमेट भी कार के अंदर ही मिला है, जिससे साफ है कि वह किसी मुलाकात के लिए वहां गया था। परिजनों का आरोप है कि शिव नरेश प्रॉपर्टी के काम से जुड़ा हुआ था और संभव है कि इसी वजह से किसी साजिश के तहत उसे और बाकी लोगों को निशाना बनाया गया हो। परिवार का दावा है कि तीन लोगों का एक साथ कार में सुसाइड करना समझ से परे है और इस एंगल से गहराई से जांच होनी चाहिए।

फ्लाइओवर पर खड़ी कार के अंदर की तस्वीरें भी कई सवाल खड़े कर रही हैं। दोपहर के वक्त जब आसपास के लोगों ने देखा कि कार में बैठे लोग काफी देर से कोई हरकत नहीं कर रहे हैं, तब पुलिस को सूचना दी गई। 18 घंटे गुजर जाने के बावजूद अब तक यह साफ नहीं हो पाया है कि मौत की असली वजह क्या थी। क्या तीनों ने किसी जहरीले पदार्थ का सेवन किया था या फिर कोई और वजह थी, इसका जवाब अभी अधूरा है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कार और घटनास्थल से जरूरी सबूत जुटा लिए गए हैं और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। पुलिस के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि यह मामला सुसाइड है या फिर हत्या। फिलहाल, पीरागढ़ी फ्लाइओवर पर कार में मिली तीन लाशों की यह मिस्ट्री दिल्ली की सबसे चर्चित और रहस्यमयी घटनाओं में शामिल हो गई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here