
नई दिल्ली (स्पर्श भारद्वाज): राजधानी दिल्ली में लगातार बिगड़ती वायु गुणवत्ता और बढ़ते प्रदूषण को लेकर दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं निगम पार्षद हाजी जरीफ ने दिल्ली सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि दिल्ली की हवा लगातार जहरीली होती जा रही है और हालात ऐसे बन गए हैं कि राजधानी में लोगों के लिए सांस लेना भी मुश्किल हो रहा है। हाजी जरीफ ने आरोप लगाया कि ट्रिपल इंजन की सरकार वायु प्रदूषण पर नियंत्रण पाने में पूरी तरह नाकाम साबित हुई है। उनके अनुसार, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की सरकार बड़े-बड़े दावे और घोषणाएं तो करती है, लेकिन जमीनी स्तर पर प्रदूषण से निपटने के लिए कोई प्रभावी कार्रवाई दिखाई नहीं दे रही है।
हाजी जरीफ ने कहा कि यमुना की सफाई और वायु प्रदूषण जैसे गंभीर मुद्दों पर सरकार हर मोर्चे पर विफल नजर आ रही है। उन्होंने यमुना में क्रूज चलाने की पहल पर सवाल उठाते हुए कहा कि नदी की मौजूदा स्थिति बेहद खराब और प्रदूषित है। ऐसे में यमुना की सफाई किए बिना उसमें क्रूज चलवाकर सरकार अपनी पीठ थपथपा रही है। उन्होंने कहा कि जब लोग इस क्रूज में सवारी करेंगे तो नदी से उठने वाली दुर्गंध के कारण उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। उनके मुताबिक, सरकार को प्रचार पर ध्यान देने के बजाय पहले यमुना को स्वच्छ बनाने और प्रदूषण कम करने के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए।
कांग्रेस नेता ने कहा कि ठंड की शुरुआत के साथ ही दिल्ली एक बार फिर गंभीर वायु प्रदूषण की चपेट में आ गई है। राजधानी की हवा दमघोंटू होती जा रही है और वायु गुणवत्ता सूचकांक यानी एक्यूआई का स्तर लगातार बढ़ने से दिल्ली-एनसीआर के लोग परेशान हैं। उन्होंने केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि सोमवार को भी राष्ट्रीय राजधानी की वायु गुणवत्ता ‘बहुत खराब’ श्रेणी में दर्ज की गई और सुबह दिल्ली का औसत एक्यूआई 346 रहा। उन्होंने कहा कि लगातार बिगड़ती हवा लोगों के दैनिक जीवन को प्रभावित कर रही है और प्रदूषण से राहत मिलने की उम्मीद फिलहाल कमजोर दिखाई दे रही है।
हाजी जरीफ ने चिंता जताई कि प्रदूषण का सबसे गंभीर असर बच्चों, बुजुर्गों और पहले से बीमार लोगों के स्वास्थ्य पर पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में रहने वाले लाखों लोग दूषित हवा में सांस लेने के लिए मजबूर हैं, जो उनके स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा पैदा कर रही है। उनके अनुसार, सरकार की जिम्मेदारी है कि वह नागरिकों को स्वच्छ हवा उपलब्ध कराने के लिए प्रभावी और समयबद्ध कदम उठाए। उन्होंने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से मांग की कि प्रदूषण नियंत्रण को केवल सरकारी दस्तावेजों, घोषणाओं और प्रचार तक सीमित न रखा जाए, बल्कि राजधानी में वायु प्रदूषण कम करने के लिए कठोर और व्यावहारिक कदम उठाए जाएं।

उन्होंने कहा कि सरकार को जनता के सामने स्पष्ट करना चाहिए कि प्रदूषण से राहत दिलाने के लिए अब तक क्या कदम उठाए गए हैं और आने वाले दिनों में इस समस्या से निपटने के लिए उसकी क्या ठोस योजना है। हाजी जरीफ ने आरोप लगाया कि पिछले कई वर्षों से प्रदूषण नियंत्रण के मुद्दे पर अलग-अलग सरकारों और राजनीतिक दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर चलता रहा है। मौजूदा रेखा गुप्ता सरकार ने भी प्रदूषण कम करने और दिल्ली की हवा साफ करने के कई वादे किए, लेकिन उनके मुताबिक, राजधानी में अब तक कोई प्रभावी और ठोस कार्रवाई नजर नहीं आई है। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते प्रदूषण नियंत्रण के लिए सख्त कदम उठाए गए होते तो आज दिल्लीवासियों को इस तरह दमघोंटू हवा में सांस लेने की मजबूरी का सामना नहीं करना पड़ता।





आपकी राय