Delhi Accident: शकरपुर में बेकाबू Kia Seltos फुटपाथ पर चढ़ी, 5 घायल
पूर्वी दिल्ली के शकरपुर इलाके में बीती रात एक तेज रफ्तार किआ सेल्टोस कार अनियंत्रित होकर फुटपाथ पर चढ़ गई और वहां खड़े पांच लोगों को टक्कर मार दी। हादसे में सभी लोग घायल हो गए, हालांकि राहत की बात यह है कि किसी की भी हालत गंभीर नहीं बताई जा रही है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर भारी भीड़ जुट गई।
पुलिस के मुताबिक हादसा शकरपुर थाना क्षेत्र में मदर डेयरी रोड स्थित बाबा पैलेस के पास हुआ। 67 वर्षीय दिनेश कुमार शर्मा, जो सरवरकर अपार्टमेंट, आईपी एक्सटेंशन के निवासी हैं, अपनी Kia Seltos कार से चावड़ी बाजार से घर लौट रहे थे। बताया गया है कि उन्होंने रास्ते में फल खरीदे और जैसे ही आगे बढ़े, अचानक वाहन का संतुलन बिगड़ गया। देखते ही देखते कार फुटपाथ पर चढ़ गई और वहां मौजूद फल विक्रेता समेत पांच लोगों को टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी तेज थी कि लोग संभल भी नहीं पाए। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने घायलों को संभाला और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही शकरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को तत्काल कुंदन लाल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें निगरानी में रखा है।
पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर ड्राइवर को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वाहन अचानक तेज हो गया था, जिससे चालक नियंत्रण खो बैठा। हालांकि यह तकनीकी खराबी थी या चालक की लापरवाही, इसका पता विस्तृत जांच के बाद ही चल सकेगा।
फिलहाल पुलिस मामले में कानूनी कार्रवाई कर रही है और सीसीटीवी फुटेज व अन्य साक्ष्यों के आधार पर हादसे की पूरी पड़ताल की जा रही है। स्थानीय लोगों ने घटना के बाद क्षेत्र में यातायात सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है।



