Delhi Racism Case: मालवीय नगर में नॉर्थ-ईस्ट की महिलाओं से अभद्रता, आरोपी कपल पर केस दर्ज
देश की राजधानी दिल्ली के मालवीय नगर इलाके में अरुणाचल प्रदेश की तीन महिलाओं के साथ कथित नस्लभेदी टिप्पणी और अश्लील व्यवहार का मामला सामने आया है। एसी लगाने के दौरान हुए मामूली विवाद ने तूल पकड़ लिया और पड़ोस में रहने वाले एक दंपति पर महिलाओं के साथ आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करने का आरोप लगा है। पीड़िताओं की शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घटना दक्षिणी दिल्ली के मालवीय नगर थाना क्षेत्र की है। पीड़ित महिलाओं के मुताबिक वे एक अपार्टमेंट में किराए पर रहती हैं। गर्मी का मौसम शुरू होने से पहले उन्होंने घर में एसी लगवाने के लिए मैकेनिक बुलाया था। इंस्टॉलेशन के दौरान दीवार में ड्रिलिंग की जा रही थी, जिससे थोड़ी धूल नीचे वाले फ्लैट की बालकनी में गिर गई। इसी बात को लेकर नीचे रहने वाला कपल नाराज हो गया और कथित तौर पर मैकेनिक से बहस करने लगा।
महिलाओं का कहना है कि जब वे बीच-बचाव करने पहुंचीं तो विवाद बढ़ गया और कपल ने उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। आरोप है कि दंपति ने उनके नॉर्थ-ईस्ट से होने को लेकर आपत्तिजनक और नस्लभेदी टिप्पणियां कीं। पीड़िताओं के अनुसार उन्हें “मसाज पार्लर में काम करने वाली”, “धंधा करने वाली” जैसे शब्द कहे गए और यहां तक कि 500 रुपये में किसी के साथ सोने जैसी बेहद आपत्तिजनक बातें कही गईं।
पीड़ित महिलाओं का कहना है कि वे भारतीय नागरिक हैं, लेकिन उनके चेहरे-मोहरे और खानपान को लेकर अक्सर उन्हें तिरस्कार झेलना पड़ता है। उन्होंने बताया कि दिल्ली में “मोमो”, “चाउमीन”, “चिंकी” जैसे शब्द सुनना आम बात हो गई है, लेकिन इस बार जिस तरह की अश्लील और अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया गया, वह असहनीय था।
घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें पुलिस की मौजूदगी में भी कथित तौर पर आपत्तिजनक टिप्पणियां सुनाई दे रही हैं। वीडियो सामने आने के बाद मामला और ज्यादा चर्चा में आ गया है।
रविवार शाम पीड़ित महिलाएं मालवीय नगर थाने पहुंचीं और लिखित शिकायत दी। पुलिस ने संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली है और मामले की जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि वायरल वीडियो और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
महिलाओं ने कहा कि यह सिर्फ तीन लोगों का मामला नहीं है, बल्कि पूरे नॉर्थ-ईस्ट समुदाय से जुड़ा मुद्दा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस मामले में सख्त कार्रवाई होगी ताकि भविष्य में किसी के साथ इस तरह का व्यवहार न हो।
राजधानी में इस तरह की घटनाएं एक बार फिर सामाजिक संवेदनशीलता और विविधता के सम्मान को लेकर सवाल खड़े कर रही हैं। फिलहाल पुलिस जांच जारी है और आरोपियों से पूछताछ की प्रक्रिया चल रही है।



