West Bengal Coal Scam: पश्चिम बंगाल में कोयला तस्करी केस में ईडी का बड़ा एक्शन, कोलकाता से दुर्गापुर तक 9 ठिकानों पर एकसाथ छापेमारी
पश्चिम बंगाल में कोयला तस्करी मामले की जांच कर रही प्रवर्तन निदेशालय ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई करते हुए मंगलवार सुबह व्यापक स्तर पर छापेमारी शुरू की। 3 फरवरी 2026 को ईडी की कई टीमों ने एक साथ कोलकाता, दुर्गापुर, आसनसोल, बर्द्धमान सहित कुल नौ अलग-अलग ठिकानों पर तलाशी अभियान चलाया। इस कार्रवाई से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है और संबंधित कारोबारियों में खलबली देखी जा रही है।
सूत्रों के मुताबिक, इस छापेमारी का मुख्य उद्देश्य कोयला तस्करी से जुड़े काले धन के लेन-देन की पूरी श्रृंखला को उजागर करना है। ईडी को संदेह है कि कोयला तस्करी से अर्जित भारी रकम को हवाला नेटवर्क के जरिए इधर-उधर किया गया है। इसी वित्तीय ट्रेल को ट्रैक करने के लिए जांच एजेंसी डिजिटल डिवाइस, बैंक दस्तावेज और अन्य अहम कागजात खंगाल रही है।
कोलकाता के साथ-साथ दुर्गापुर में भी ईडी की टीमों ने सुबह करीब 6 बजे से कार्रवाई शुरू की। दुर्गापुर के सेपको टाउनशिप इलाके में एक बालू कारोबारी के आवास पर छापा मारा गया, जबकि सिटी सेंटर क्षेत्र के आंबेडकर सरणी स्थित एक संदिग्ध मकान की भी तलाशी ली जा रही है। इसके अलावा पांडवेश्वर और कांकसा इलाकों में एनएच-19 के पास स्थित कई ठिकानों पर भी ईडी के अधिकारी दस्तावेजों की जांच कर रहे हैं।
जांच में सामने आया है कि जिन कारोबारियों के ठिकानों पर छापेमारी हो रही है, वे अजय और दामोदर नदी से बालू निकालने के काम से जुड़े हुए हैं। आरोप है कि इन्होंने वैध टेंडर की आड़ में बड़े पैमाने पर अवैध बालू खनन किया और नियमों को दरकिनार कर भारी मुनाफा कमाया। ईडी की शुरुआती जांच में यह भी पता चला है कि एक ही चालान का बार-बार इस्तेमाल कर बालू की तस्करी की गई।
सूत्रों के अनुसार, बीरभूम जिले के चालान दिखाकर पश्चिम बर्द्धमान जिले से अवैध रूप से बालू की ढुलाई की गई। इन गैरकानूनी गतिविधियों के जरिए संबंधित कारोबारियों ने बेहद कम समय में करोड़ों रुपये की संपत्ति खड़ी कर ली। यही वजह है कि ईडी इस पूरे नेटवर्क को कोयला तस्करी से जुड़े काले धन से जोड़कर देख रही है।
फिलहाल ईडी की कार्रवाई लगातार जारी है और कई महत्वपूर्ण दस्तावेज, डिजिटल रिकॉर्ड और अन्य सबूत जब्त किए जाने की सूचना है। जांच एजेंसी का मानना है कि आने वाले समय में इस मामले में और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं और कई नए नाम सामने आ सकते हैं।



