पूर्व केंद्रीय मंत्री शरद यादव का आज निधन हो गया। उनके निधन की जानकारी उनकी बेटी ने दी। उनकी बेटी सुभाषिनी शरद यादव ने फेसबुक पोस्ट के जरिए की पुष्टि। उन्होंने 75 वर्ष की उम्र में अंतिम सांस ली। जानकारी के अनुसार, जदयू के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष रह चुके शरद यादव का निधन गुरुग्राम के फोर्टिस हॉस्पिटल में हुआ। काफी दिनों ने शरद यादव की तबीयत खराब चल रही थी जिसके बाद से उनको गुरुग्राम के फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां उन्होंने आखिरी सांस ली। शरद यादव 2002 में जनता दल बनने के बाद से कई सालों तक पार्टी के अध्यक्ष रहे। इसके साथ-साथ वह सात बार लोकसभा सांसद भी रहे हैं। सेहत और कई कारणों से पिछले कुछ समय से वह सक्रिय राजनीति में नजर नहीं आ रहे थे। शरद यादव शायद भारत के पहले ऐसे राजनेता थे जो तीन राज्यों मध्यप्रदेश, उत्तर प्रदेश, बिहार से लोकसभा के लिए चुने गए थे। शरद यादव भारतीय राजनीति के पुरोधा माने जाते हैं। वह इमरजेंसी के दौरान जेल भी गए थे।
बता दें कि शरद यादव की बेटी सुभाषिनी यादव ने इसकी जानकारी दी है। जानकारी के मुताबिक, गुरुवार रात करीब 9.30 बजे फोर्टिस अस्पताल में शरद यादव का निधन हुआ है। जेडीयू के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष के निधन के बाद बिहार के राजनीतिक गलियारे में शोक की लहर दौड़ गई है। शरद यादव अटल बिहारी वाजपेई सरकार में केंद्रीय मंत्री थे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शरद यादव के निधन पर दुख जताया। पीएम मोदी ने ट्वीट किया, ‘शरद यादव जी के निधन से बहुत दुख हुआ। अपने लंबे सार्वजनिक जीवन में उन्होंने खुद को सांसद और मंत्री के रूप में प्रतिष्ठित किया। वे डॉ. लोहिया के आदर्शों से काफी प्रभावित थे। मैं हमेशा हमारी बातचीत को संजो कर रखूंगा। उनके परिवार और प्रशंसकों के प्रति संवेदनाएं। ओम शांति।’



