Home क्राइम Mumbai Crime: बेल पर बाहर आए हिस्ट्रीशीटर की चाकू गोदकर हत्या, बचाने...

Mumbai Crime: बेल पर बाहर आए हिस्ट्रीशीटर की चाकू गोदकर हत्या, बचाने पहुंची मंगेतर भी घायल

0
5
Mumbai Crime, Kalyan Murder, Maharashtra News, Crime News, Mumbai Police

Mumbai Crime: बेल पर बाहर आए हिस्ट्रीशीटर की चाकू गोदकर हत्या, बचाने पहुंची मंगेतर भी घायल

मुंबई से सटे महाराष्ट्र के कल्याण (पूर्व) इलाके में गुरुवार तड़के एक सनसनीखेज हत्या की वारदात सामने आई है। हत्या के एक पुराने मामले में हाल ही में जमानत पर जेल से बाहर आए एक हिस्ट्रीशीटर की कुछ हमलावरों ने चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर हत्या कर दी। इस दौरान उसे बचाने की कोशिश कर रही उसकी मंगेतर भी हमले में घायल हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है और हत्या के पीछे पुरानी रंजिश को प्रमुख वजह मानकर जांच कर रही है।

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान अर्जुन कालपांडे उर्फ ‘पेंड्या भाई’ के रूप में हुई है, जो कल्याण (पूर्व) के अदिवाली इलाके का रहने वाला था। शुरुआती जांच में सामने आया है कि हमलावरों ने अर्जुन पर चाकू से 12 से 13 बार वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

जानकारी के मुताबिक यह वारदात बुधवार और गुरुवार की दरमियानी रात की है। उस समय अर्जुन अपनी महिला मित्र के साथ अदिवाली इलाके में मौजूद था। इसी दौरान अविनाश झा, गौरव उर्फ ‘बॉम्बे’ और उनके चार अन्य साथी वहां पहुंचे और अर्जुन को घेर लिया। आरोप है कि पुरानी दुश्मनी के चलते आरोपियों ने धारदार हथियारों से उस पर हमला कर दिया।

हमले के दौरान अर्जुन की महिला मित्र ने बीच-बचाव कर उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन हमलावरों ने उस पर भी हमला कर दिया। हालांकि उसे मामूली चोटें आईं और उसकी जान बच गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इस हत्या के पीछे पुरानी रंजिश की आशंका है। बताया जा रहा है कि घटना से करीब चार दिन पहले अर्जुन कालपांडे और मुख्य आरोपी अविनाश झा तथा गौरव उर्फ ‘बॉम्बे’ के बीच किसी बात को लेकर विवाद और कहासुनी हुई थी। जांच एजेंसियां यह भी पता लगा रही हैं कि क्या इसी विवाद का बदला लेने के लिए इस वारदात को अंजाम दिया गया।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार अर्जुन कालपांडे का आपराधिक इतिहास भी रहा है। वह करीब डेढ़ वर्ष पहले कल्याण (पूर्व) में हुए संदीप राठौड़ हत्याकांड में आरोपी था और कुछ समय पहले ही जमानत पर जेल से बाहर आया था। इसके बाद से वह अपने परिवार के साथ रह रहा था और सामान्य जीवन शुरू करने की कोशिश कर रहा था।

परिजनों ने पुलिस को बताया कि अर्जुन की शादी तय हो चुकी थी और अगले चार महीनों में उसकी अपनी प्रेमिका से शादी होने वाली थी। लेकिन शादी से पहले ही इस खूनी वारदात ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। घटना के बाद मृतक के घर में मातम का माहौल है।

पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमों का गठन किया है। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और संदिग्धों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है और जल्द ही फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here