
Malda BJP Leader Killed: मालदा में झगड़ा सुलझाने गए भाजपा नेता चंदन मंडल की पिटाई से मौत, पत्नी ने TMC पर लगाया आरोप
पश्चिम बंगाल के मालदा जिले में पिटाई के बाद भाजपा के एक नेता की जान चली गई. मृतक चंदन मंडल 45 साल के थे, ऋषिपुर इलाके में रहते थे और भाजपा के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष थे. जानकारी के मुताबिक, एक कार्यक्रम में चल रही मारपीट को रुकवाने के लिए वह आगे बढ़े थे, उसी समय उन पर हमला हुआ.
षड़ानन कार्तिक पूजा के अवसर पर ऋषिपुर के चांदपुर गांव में मेले और सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन हुआ था. गुरुवार, 19 नवंबर 2026 की रात लगभग 12 बजे बिजली अचानक गुल हो गई. उसी समय नशे में धुत कुछ युवक आपस में भिड़ गए.
पूजा समिति के सचिव का पद संभालने वाले चंदन मंडल सजावट का काम भी करते थे. युवकों को लड़ते देख वह उन्हें छुड़ाने पहुंचे. तभी नशे में चूर एक युवक ने उन पर जोरदार हमला कर दिया और वह जमीन पर गिर गए.

चंदन को पहले से ही दिल की बीमारी थी. हमले के बाद उन्हें तुरंत मालदा मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है.
भाजपा ने इस वारदात को लेकर तृणमूल कांग्रेस (TMC) पर निशाना साधा है. पार्टी का कहना है कि उनके नेता की हत्या TMC के गुंडों ने की है.
चंदन की पत्नी पूर्णिमा मंडल ने हत्या का आरोप स्थानीय TMC नेता कनाई चौधरी पर लगाया है. उनके अनुसार कार्तिक पूजा मेले की जिम्मेदारी चंदन के हाथ में होने से TMC के लोग खफा थे. पूर्णिमा ने पति की मौत के मामले में न्याय मांगा है. दूसरी तरफ TMC ने इन सारे आरोपों को बेबुनियाद बताया है.




आपकी राय