
Naseem Durrani Encounter: बुलंदशहर में डी-कंपनी से जुड़ा गैंगस्टर नसीम दुर्रानी मुठभेड़ में मारा गया
पुलिस के मुताबिक, नोएडा एसटीएफ और दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में मुठभेड़ के दौरान कुख्यात गैंगस्टर नसीम दुर्रानी को मार गिराया. दिल्ली में एक युवक की हत्या के केस में पुलिस को उसकी तलाश थी. बताया जाता है कि नसीम के तार दाऊद इब्राहिम के गिरोह ‘डी-कंपनी’ से जुड़े थे.
अधिकारियों ने बताया कि दिल्ली हत्याकांड के बाद से फरार नसीम के बुलंदशहर में छिपे होने की खबर पुलिस को मिली थी. सूचना मिलते ही नोएडा एसटीएफ और दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच की टीम ने पूरे इलाके को घेर लिया. घेराबंदी होते ही दोनों तरफ से कई राउंड फायरिंग हुई.
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में नसीम दुर्रानी को कई गोलियां लगीं, जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया. उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां जांच करने के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

आरोप है कि 16 नवंबर को दिल्ली के सोनिया विहार इलाके में नसीम ने समीर नाम के युवक की गोलियां मारकर हत्या कर दी थी. दिल्ली सरकार के मंत्री कपिल मिश्रा के दफ्तर के बाहर हुई इस वारदात में युवक पर 15 से 20 गोलियां दागी गई थीं. इस सनसनीखेज कत्ल के बाद से सुरक्षा एजेंसियां उसे ढूंढ रही थीं.
सूत्रों के अनुसार, नसीम दुर्रानी का डी-कंपनी के छोटा शकील से लगातार संपर्क रहा था. यह भी कहा जाता है कि 2016-17 में छोटा शकील ने तिहाड़ जेल में बंद गैंगस्टर छोटा राजन की हत्या के लिए उसे सुपारी दी थी.
पुलिस रिकॉर्ड बताता है कि नसीम पर हत्या, हत्या के प्रयास और लूटपाट जैसे 25 से अधिक गंभीर मामले दर्ज थे. उसका आपराधिक इतिहास काफी लंबा रहा है.





आपकी राय