धूमधाम से मनाया गया भैया दूज का पर्व राजधानी में
नई दिल्ली ( सी.पी.एन.न्यूज़ ) : देशभर में भैया दूज का पर्व धूमधाम से मनाया गया | राजधानी दिल्ली में भी इस पर्व की धूम रही ,यमुना के तटों पर भी इस पर्व को मनाने के लिए श्रधालुओं का जमावड़ा देखा गया | दरअसल यह मान्यता है भाई दूज के पर्व का सीधा संबंध यमराज और उनकी बहन यमुना मैया से है। पौराणिक कथा के अनुसार, यमराज एक बार अपनी बहन यमुना से मिलने आए थे। यमुना ने उन्हें प्रेमपूर्वक भोजन कराया और तिलक कर उनकी लंबी उम्र की कामना की। प्रसन्न होकर यमराज ने आशीर्वाद दिया कि जो भाई इस दिन यमुना नदी में स्नान करेगा और अपनी बहन से तिलक लगवाएगा, उसे यमलोक का भय नहीं रहेगा।

इसलिए इस दिन भाई बहनों का यमुना में स्नान का विशेष महत्व है | यमुना नदी को पवित्र नदियों में एक माना जाता है। भाई दूज पर यमुना स्नान करने से व्यक्ति शारीरिक और मानसिक रूप से शुद्ध प्राप्त करता है। यह स्नान न केवल पापों का नाश करता है, बल्कि भाई-बहन के रिश्ते को भी सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करता है। मान्यता है कि यमुना स्नान करने से व्यक्ति को पुण्य प्राप्त होता है, उसके जीवन में सुख-शांति आती है और बहन भाई का अटूट प्रेम और यह बंधन बना रहता है। भैया दूज का पर्व हर्ष और उल्लास के वातावरण में मनाया गया ।
गुरुवार को सुबह से ही भैया दूज का पर्व मनाने का सिलसिला शुरू हो गया था जो देर रात तक लगातार जारी रहा । इस मौके पर बहनों ने अपने भाइयों के मस्तक पर रोली और अक्षत का तिलक लगाकर लंबी उम्र की दुआएं की। भाइयों ने भी अपनी बहनों को गिफ्ट देकर उनके उज्जवल भविष्य की कामना की है। गुरुवार को बड़ी संख्या में बहनें अपने भाइयों के घर पहुंची जबकि अनेक भाई भी अपने परिवारों के साथ बहनों के घर पहुंचे और धूमधाम भाई बहन के प्यार के बंधन को और मजबूत किया |



